UP Budget Session 2023: सदन में सिद्धार्थनाथ सिंह ने शायरी के जरिए कसा तंज, विपक्ष ने गिनाईं बजट की कमियां
पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने शनिवार को विधानसभा में शेरो-शायरी के जरिए विपक्ष पर खूब तंज कसे। बजट पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा ‘हममें कमी निकालना भूल जाएंगे लोग अगर उनको तोहफे में हमने आईना दे दिया’।

लखनऊ, राज्य ब्यूरो: पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने शनिवार को विधानसभा में शेरो-शायरी के जरिए विपक्ष पर खूब तंज कसे। बजट पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा, ‘हममें कमी निकालना भूल जाएंगे लोग, अगर उनको तोहफे में हमने आईना दे दिया’। उन्होंने अखिलेश व योगी सरकार के कार्यकाल के बजट में आंकड़ों के जरिए प्रमुख सेक्टरों में हुए खर्च की तुलना की और कहा कि अखिलेश सरकार ने भी अपने बजट को शत प्रतिशत खर्च नहीं किया था।
उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार से ज्यादा खर्च योगी सरकार ने किया है। उन्होंने फिर एक शेर पढ़ा, ‘आईना हूं तेरा, क्यूं इतना कतरा रहे हो, सच ही कहूंगा, क्यूं इतना घबरा रहे हो’। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 तक कुल 467 किलोमीटर एक्सप्रेसवे बने थे, जबकि 2017 से 2022 तक 733 किलोमीटर बना है। प्रदेश में 1974 किलोमीटर के सात एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र व ऊर्जा में भी अभूतपूर्व उपलब्धि योगी सरकार ने हासिल की है।
सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि सरकार ने विकासात्मक कार्यों पर न सिर्फ अपने कर्ज का सदुपयोग किया बल्कि राजस्व बचत का उपयोग भी विकासात्मक कार्यों पर किया। इसी को अर्थशास्त्री पूंजीगत परिसंपत्ति बनाना कहते हैं।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्राप्त हुए 33.50 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश एक ग्रोथ इंजन का काम करेंगे। अंत में उन्होंने अपनी बात फिर एक शायरी से कही, ‘सीढ़ियां उन्हें मुबारक हों, जिन्हें छत पर जाना है। आसमां है जिसकी मंजिल रास्ता स्वयं बनाना है’।
सत्ता पक्ष ने बजट को विकासपरक बताया, विपक्ष ने की आलोचना
विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष ने बजट को विकासपरक बताया जबकि विपक्ष ने सिलसिलेवार खामियां गिनाईं। भाजपा के राम नरेश अग्निहोत्री ने प्रस्तावित बजट की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का बजट ऐतिहासिक व विकासपरक है। सपा के डॉक्टर मुकेश वर्मा ने प्रस्तावित बजट की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पिछड़ों, दलितों, महिला, रोजगार, नौजवान विरोधी सरकार है।
भाजपा के महेश गुप्ता ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट वास्तव में किसानों, मजदूरों, श्रमिकों और हर एक के हित का बजट है। उन्होंने कहा कि यह बहुत कल्याणकारी बजट है। सपा की पूजा सरोज ने बिजली समेत कई विभागों की समस्या बताते हुए बजट को जनविरोधी बताया। भाजपा की सरिता भदौरिया, राजेश त्रिपाठी, हर्षवर्धन बाजपेयी व अनिल कुमार ने बजट के समर्थन में बोला। सपा के राम मूर्ति वर्मा, डा. एचएन सिंह पटेल, ऊषा मौर्या ने बजट के विरोध में अपनी बात रखी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।