उत्तर प्रदेश में आयुष्मान योजना वाले प्राइवेट हॉस्पिटल के ICU का होगा ऑडिट, 30 नवंबर तक देनी होगी रिपोर्ट
आयुष्मान योजना के तहत उत्तर प्रदेश में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों के आईसीयू और चिकित्सीय सेवाओं का ऑडिट किया जाएगा। नामित ऑडिट एजेंसियों को 30 नवंबर तक रिपोर्ट सौंपनी होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों के आईसीयू का ऑडिट।
नामित एजेंसियों को 30 नवंबर तक रिपोर्ट सौंपनी होगी।
गुणवत्ता, सुरक्षा और अनियमितताओं पर नियंत्रण का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आयुष्मान योजना के तहत राज्य में सूचीबद्ध अस्पतालों के आईसीयू और चिकित्सीय सेवाओं का ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए नामित ऑडिट एजेंसियों को 30 नवंबर तक शासन को रिपोर्ट सौंपनी होगी।
स्टेट एजेंसी फार कांम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) निजी अस्पतालों के आईसीयू के बुनियादी ढांचे, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और संक्रमण नियंत्रण की जांच करा रही है।
योजना से जुड़े अस्पतालों का होगा ऑडिट
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर दे रहे हैं। इसी क्रम में योजना से जुड़े अस्पतालों के आईसीयू का विशेष ऑडिट कराया जा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आईसीयू सेवाओं के संगठन और संचालन के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसी के आधार पर अस्पतालों की सुविधाओं और निर्धारित मानकों के बीच अंतर का आकलन किया जाएगा।
तीन लेवल में बांटा गया है आईसीयू
अर्चना ने बताया कि नई गाइडलाइन के तहत मरीजों की गंभीरता और आवश्यक चिकित्सा सहायता के आधार पर आईसीयू को तीन स्तरों में बांटा गया है। लेवल-1 आईसीयू में एक अंग की कार्यक्षमता प्रभावित होने पर शुरुआती उपचार, स्थिरीकरण और सामान्य निगरानी की जरूरत वाले मरीज रखे जाते हैं। लेवल-2 आईसीयू में दो या अधिक अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित होने अथवा किसी एक अंग को उन्नत चिकित्सा सहायता की जरूरत वाले मरीजों का उपचार किया जाता है।
वहीं, लेवल-3 आईसीयू में मल्टी-आर्गन फेल्योर यानी एक से अधिक अंगों के काम करना बंद करने की स्थिति वाले अत्यंत गंभीर मरीजों को उन्नत चिकित्सा सहायता दी जाती है। यहां अत्याधुनिक निगरानी उपकरणों और विशेषज्ञ डाक्टरों की उपलब्धता अनिवार्य है।
ऑडिट के दौरान प्रत्येक आईसीयू बेड के लिए निर्धारित जगह, वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मानीटर, आक्सीजन आपूर्ति और सक्शन सुविधा के साथ डाक्टरों की योग्यता, मरीजों के अनुपात में नर्सिंग स्टाफ और 24 घंटे चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता परखी जाएगी। प्रयोगशाला, ब्लड बैंक, एंबुलेंस और संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था का आकलन होगा।
यह भी जांचा जाएगा कि मरीज की चिकित्सीय स्थिति के आधार पर उसे आईसीयू में भर्ती करने की जरूरत थी या नहीं। इससे अनावश्यक भर्ती और फर्जी क्लेम जैसी अनियमितताओं की पहचान हो सकेगी। निर्धारित उपकरणों, योग्य डाक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की कमी मिलने पर उसे भी चिह्नित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।