12 करोड़ की मुफ्त में फूंक डाली बिजली, आगरा में हुई सर्वाधिक चोरी; DVVNL की रिपोर्ट में आए 10 चोर फीडर
आगरा का बरौली फीडर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (DVVNL) के 21 जिलों में बिजली चोरी के मामले में पहले स्थान पर है, जिससे डिस्काॅम को 11.85 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बाद, अधिकारियों को सख्त कार्रवाई और लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत 311 उपभोक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

सांकेतिक तस्वीर।
विद्याराम नरवार, आगरा। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के 21 जिलों के करीब 5500 फीडरों में आगरा का बरौली फीडर एक बिजली चोरी के मामले में पहले स्थान पर है। डिस्काॅम के सर्वाधिक बिजली चोरी वाले टाॅप-10 फीडरों की सूची में बरौली नंबर एक फीडर 60.27 प्रतिशत बिजली चोरी कर पहले पायदान पर है।
इससे वित्तीय वर्ष 2025-26 में डिस्काॅम को 11.85 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में इस फीडर पर सर्वाधिक चोरी होने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बरौली अहीर सब स्टेशन से पोषित फीडर से पांच गांव गुतिला, नौबरी, रजरई, रामनगर और बरौली अहीर के अलावा कुछ शहरी क्षेत्र को बिजली आपूर्ति की जाती है। इसमें कुल 5310 कनेक्शन हैं। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए डीवीवीएनएल की टीम ने जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छापेमारी की। अभियान में मीटर बाइपास कर बिजली चोरी करते 311 उपभोक्ता पकड़े गए।
इनके विरुद्ध बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बिजली चोरी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए बिजली चोरी पर अंकुश लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व हानि पर सीधे कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई।
इसके बाद पुलिस के साथ पहुंची टीम ने छापेमारी कर चोरी पर अंकुश लगाए जाने का प्रयास किया है। अधिकारियों को फीडर की लगातार निगरानी करने और अभियान चलाकर बिजली चोरी पूरी तरह रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
एक नजर में
- कुल फीडर : करीब 5500
- बिजली चोरी में बरौली की रैंक : पहला
- बिजली चोरी : 60.27 प्रतिशत
- कुल कनेक्शन : 5310
- पोषित गांव : पांच
- राजस्व नुकसान : 11.85 करोड़ रुपये
- बिजली चोरी में रिपोर्ट : 311 उपभोक्ताओं के विरुद्ध
ये हैं 10 फीडर
- आगरा का बरौली नंबर एक
- चित्रकूट का बारगढ़
- हमीरपुर का राथ फीडर तृतीय
- मथुरा द्वितीय का राल
- मथुरा कोसी का बथैंन
- बांदा अटर्रा का नरानी
- कानपुर द्वितीय दिव्यापुर का सैनिक नगर
- कानपुर प्रथम का भीमसेन
- ललितपुर प्रथम का बिजरौठा
- बांदा अटर्रा का मनीपुर
बिजली चोरी राेके जाने के लिए छापेमारी की गई है। चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बिजली चोरी को 30 प्रतिशत पर ले आए हैं। जल्द ही पूरी तरह चोरी पर अंकुश लगाया जाएगा।
कपिल सिंधवानी, मुख्य अभियंता, डीवीवीएनएल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।