Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रियंका गांधी वाड्रा की बड़ी घोषणा, उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस अकेले लड़ेगी

    UP Assembly Election 2022 उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुलंदशहर में कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022 में कहा कि पार्टी के कई लोगों ने मुझसे कहा कि कुछ भी करिए इस बार गठबंधन मत करिए। मैं आप लोगों को आश्वासन देना चाहती हूं हम सारी सीटों पर लड़ेंगे।

    By Dharmendra PandeyEdited By: Updated: Sun, 14 Nov 2021 10:35 PM (IST)
    Hero Image
    अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा

    लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में बहुजन समाज पार्टी के बाद कांग्रेस ने बड़ी घोषणा की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में अकेले दम पर मैदान में उतरने का एलान किया है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में एकला चलो की राह पकडऩे वाली अब कांग्रेस किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुलंदशहर में कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022 में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई लोगों ने मुझसे कहा कि कुछ भी करिए इस बार गठबंधन मत करिए। मैं आप लोगों को आश्वासन देना चाहती हूं हम सारी सीटों पर लड़ेंगे, अपने दम पर लड़ेंगे। हमने इसका प्लान भी तैयार कर लिया है।

    देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के विधासभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को जीतना होगा तो पार्टी अपने दम पर जीतेगी। पार्टी प्रदेश की हर सीट पर अपने कार्यकर्ता को ही प्रत्याशी बनाकर उतारेगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि कोरोना वायरस हो या कोई और संकट, कांग्रेस के कार्यकर्ता ही हैं जो लोगों की मदद के लिए आगे आए। उन्होंने सवाल किया कि क्या उन्नाव, लखीमपुर खीरी या हाथरस की घटनाओं के खिलाफ सपा या बसपा के लोग खड़े हुए थे। कांग्रेस ने संघर्ष किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि जो आजादी के लिए नहीं लड़े वह लोग स्वतंत्रता का सम्मान नहीं कर सकते। जो व्यक्ति घर बनाता है, उसके मन में इसके लिए अलग तरह का प्यार रहता है लेकिन आने वाली पीढ़ी को जब ये मुफ्त में मिलता है तो उसके मन में अलग तरह की भावना रहती है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को निशाने पर लेते हुए कहा कि इसीलिए वे आजादी की अहमियत नहीं समझ पा रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि सभी को पता है कि कांग्रेस ने ही देश तथा प्रदेश में सबसे लम्बे समय तक काम किया है। कांग्रेस केवल विकास नहीं लाई बल्कि जन-जन तक उसको पहुंचाने का भी काम किया है। कांग्रेस को प्रदेश में एक बार फिर शासन में लाने के लिए हम लोग प्रयासरत हैं।

    उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ सिर्फ कांग्रेस ही हर जगह पर खड़ी है। प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी तथा बहुजन समाज पार्टी ने तो भाजपा के सामने सरेंडर कर दिया है। अभी डेढ़ साल में हमारे सैकड़ों कार्यकर्ता जेल में रहे। भाजपा से सिर्फ हम लड़ रहे हैं इसलिए हम निशाने पर हैं। इस बार हम सभी सीटों पर अपने बल पर लड़ेंगे। हम तो 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देंगे। कांग्रेस देश के लिए खड़ी है।

    उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशी के चयन में भी काफी तेजी कर दी है। इसमें भी 40 प्रतिशत सीट महिला प्रत्याशियों के लिए पहले से ही आरक्षित की गई है। पार्टी विधानसभा वार आवेदन पत्र प्राप्त करने में लगी है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस से पहले बहुजन समाज पार्टी ने भी सभी 403 सीट पर अकेले ही चुनाव लडऩे का एलान किया है।

    बुलंदशहर में प्रियंका गांधी ने मंच से उतरकर रैंप पर पहुंचकर हर जनपद के कार्यकर्ताओं से सवाल पूछे तथा उनका जवाब भी दिया। अनेक कार्यकर्ताओं ने बेटी हूं लड़ सकती हू नारे की सराहना की। इस मौके पर प्रियंका गांधी सुरक्षा घेरे को तोड़कर कार्यकर्ताओं के मध्य पहुंच गई। मेरठ की महिला कार्यकर्ता ने मेरठ आकर महिला को कांग्रेस प्रत्याशी बनाने का अनुरोध किया। प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनका अभिवादन किया तथा स्वागत स्वीकार किया इस कार्यक्रम में पश्चिम उत्तर प्रदेश के 14 जनपद के कांग्रेस पदाधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा रविवार करीब दो बजे बुलंदशहर के अनूपशहर पहुंचीं। यहां के डीबीबीएस कालेज के मैदान में उन्होंने 14 जिलों के पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उनका गंगा मेले में शामिल होने का कार्यक्रम प्रशासनिक अनुमति नहीं मिलने के कारण रद कर दिया गया है।