UP 2047 Vision Document : रामराज्य की अवधारणा को साकार करेगा विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश-2047 विजन डाक्यूमेंट
UP 2047 Vision Document विजन डाक्यूमेंट का खाका रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन थीम अर्थ शक्ति सृजन शक्ति व जीवन शक्ति को 12 सेक्टरों में बांटकर प्रदेश में काम होगा। लघु-मध्यम व दीर्घ अवधि की योजनाएं बनेंगी। वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था छह ट्रिलियन डालर का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मानसून सत्र के चौथे दिन विधानमंडल के दोनों सदनों में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन डाक्यूमेंट का खाका रखते हुए कहा कि यह प्रदेश की 25 करोड़ जनता की आशा, अपेक्षा व आकांक्षाओं का प्रतिबिंब होगा। विकसित भारत के विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करने का रोडमैप होगा। विजन डाक्यूमेंट 2047 में रामराज्य की अवधारणा को साकार करेगा।
विजन डाक्यूमेंट का खाका रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन थीम अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति व जीवन शक्ति को 12 सेक्टरों में बांटकर प्रदेश में काम होगा। लघु-मध्यम व दीर्घ अवधि की योजनाएं बनेंगी। वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था छह ट्रिलियन डालर का लक्ष्य रखा गया है।
रामराज्य की अवधारणा पर आधारित होगा यूपी 2047
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'विजन 2047' उत्तर प्रदेश को न केवल आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का लक्ष्य रखता है, बल्कि इसे रामराज्य की अवधारणा पर आधारित एक आदर्श राज्य के रूप में स्थापित करेगा। इस विजन में आध्यात्मिक और आधुनिक विकास का एक अनूठा संगम होगा, जो गंगा और यमुना की तरह प्रदेश की सांस्कृतिक और प्रगतिशील पहचान को दर्शाएगा। उन्होंने कहा कि यह विजन केवल आंकड़ों, परियोजनाओं और नीतियों तक सीमित नहीं रहेगा। यह उस किसान की आशा है जो अपने खेत में सुनहरे भविष्य की फसल बो रहा है, उस छात्र की आकांक्षा है जो किताबों में अपने सपनों को देख रहा है, और उस मजदूर की मेहनत है जो अपने पसीने से विकास की नींव रख रहा है। 2047 सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि हमारे सपनों का गंतव्य है।
एक से छह ट्रिलियन डॉलर की ओर बढ़ने का रोडमैप
उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2047 के लिए राज्य के विकास का खाका तैयार करते हुए विज़न डॉक्यूमेंट 2047 का प्रारूप सदन में प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह दस्तावेज फिलहाल एक प्रस्ताव है और इसे अंतिम रूप विशेषज्ञों, नीति आयोग और प्रदेश की जनता की राय के आधार पर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों की उपलब्धियों के आधार पर सरकार ने आगामी लक्ष्यों को तय किया है। वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और अगले पांच वर्षों में विकास दर को 14-15% से बढ़ाकर 20% तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प के अनुरूप, उत्तर प्रदेश भी एक से छह ट्रिलियन डॉलर की ओर बढ़ने का रोडमैप बना रहा है। इसके लिए राज्य का जीडीपी योगदान 9.3% से बढ़ाकर कम से कम जनसंख्या अनुपात 16% के बराबर करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
यूपी बनेगा भारत का ग्रोथ इंजन
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि जब 25 करोड़ लोग एक संकल्प के साथ एक दिशा में कार्य करेंगे, तो इतिहास बदलेगा। 'यूपी विजन डॉक्यूमेंट 2047' के तहत उत्तर प्रदेश को न केवल भारत का सबसे समृद्ध और सशक्त राज्य बनाया जाएगा, बल्कि इसे वैश्विक स्तर पर विकास, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के आदर्श के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह विजन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक ऐसे उत्तर प्रदेश का निर्माण करेगा जो हर मामले में सशक्त, समृद्ध और प्रेरणादायक होगा।
जनप्रतिनिधियों के अमूल्य सुझावों को समाहित किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि विजन डॉक्यूमेंट को तैयार करने में जनप्रतिनिधियों के सुझावों को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए अमूल्य सुझावों को यथासंभव समाहित करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए एक संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी हितधारकों की राय ली जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।