दीपावली पर यूपी-112 ने संभाला मोर्चा, 80 प्रतिशत ज्यादा मांगी गई मदद, हर मिनट 48 लोगों तक पहुंची
दीपावली के दौरान यूपी-112 पर मदद मांगने वालों की संख्या में 80% की बढ़ोतरी हुई, जहां सामान्य दिनों के मुकाबले हर दिन लगभग 30 हजार अधिक लोगों को सहायता मिली।

HighLights
दीपावली में यूपी-112 पर 80% अधिक मदद मांगी गई।
तीन दिनों में 2 लाख से अधिक लोगों को सहायता मिली।
पुलिस, चिकित्सा, अग्निशमन सेवाओं ने मिलकर मदद पहुंचाई।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। दीपावली पर प्रदेश में सुरक्षा और आपातकालीन सहायता की जरूरत ने यूपी-112 की व्यवस्था पर सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 80 प्रतिशत अधिक दबाव बढ़ा दिया। आम दिनों में जहां यूपी-112 के जरिये प्रतिदिन औसतन 38 हजार लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
वहीं, दीपावली के तीन दिनों में यह आंकड़ा बढ़कर औसतन 68,579 प्रतिदिन पहुंच गया। यानी सामान्य दिनों की तुलना में हर दिन करीब 30 हजार अधिक लोगों ने यूपी-112 की मदद ली। तीन दिनों के आंकड़ों को देखें तो हर मिनट औसतन करीब 48 लोगों तक यूपी-112 की सहायता पहुंची।
सात से नौ नवंबर के बीच कुल 2,05,738 लोगों को सहायता उपलब्ध कराई गई। सात नवंबर को 53,264, आठ नवंबर को 74,816 और नौ नवंबर को 77,753 लोगों ने सहायता प्राप्त की। इन तीन दिनों में करीब 1.56 लाख मामलों में पुलिस सहायता उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा एंबुलेंस से संबंधित 36,817 घटनाओं में मेडिकल सहायता और 7029 मामलों में अग्निशमन सेवा से मदद पहुंचाई गई।
वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए सवेरा योजना के तहत पंजीकृत 2018 बुजुर्गों को भी सहायता दी गई। वहीं, रात 10 से सुबह छह बजे के बीच साधन नहीं मिलने पर अकेली रह गईं 11 महिलाओं को स्कार्टफारविमेन सेफ्टी के तहत सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।