विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

MBBS Seats In India: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया बोले- 2023 में एक लाख होंगी MBBS की सीटें

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj Mishra
Published: Sun, 11 Dec 2022 12:32 PM (IST)

मेड‍िकल परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के ल‍िए खुशखबरी है। अभी तक देश में एमबीबीएस की 96 हजार सीट ...और पढ़ें

MBBS Seats In India: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया
MBBS Seats In India: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया

वाराणसी, जागरण संवाददाता। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया दो द‍िवसीय वाराणसी दौरे पर है। इस दौरान उन्‍होंने मेड‍िकल परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को एक खुशखबरी दी है। उन्‍होंने कहा क‍ि लोगों तक बेहतर स्‍वास्‍थ्‍य सुव‍िधाएं पहुंचाने के ल‍िए चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं। देश में इस समय 96 हजार एमबीबीएस की सीट है। अब अगले साल तक इसकी संख्या एक लाख हो जाएगी।

चिकित्सकों की कमी निरंतर दूर करने की दिशा में कार्य हो रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश में पांच से छह हजार की आबादी पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की नींव रखी जा रही है। टेली कंसल्टेंसी की सुविधा का बेहतर लाभ मिल रहा है। देश में प्रतिदिन चार लाख टेली कंसल्टेंसी होती है। कुछ चुनौतियां भी हैं। इन सेंटरों पर निश्शुल्क 171 दवाओं की व्यवस्था करना, 63 टेस्ट का इंतजाम ताकि मरीजों को इसका लाभ मिले। प्रथम स्क्रीनिंग में मरीज का उपचार शुरू हो जाता है तो उसे बहुत लाभ मिलेंगे।

टेली कंसल्टेंसी से एक बार में 900 रुपये की बचत

  • डा. मनसुख मंडाविया ने देश भर में चल रहे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर से टेली कंसल्टेंसी (ई-संजीवनी) के फायदे बताते हुए कहा कि आम आदमी के लिए यह बहुत ही अच्छा माध्यम है।
  • मीडिया से बातचीत में उन्होंने रिसर्च का हवाला दिया। कहा, इस माध्यम से एक बार में व्यक्ति का 900 रुपये बचता है।
  • उन्होंने इसे स्पष्ट करते हुए बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मौजूद सीएचओ विशेषज्ञ से संपर्क कर रोगी को इलाज उपलब्ध कराता है।
  • इससे रोगी को जिला मुख्यालय या अन्य कहीं नहीं जाना पड़ता है। इससे उसका आने-जाने का खर्च, उसके काम का नुकसान नहीं होने और एक व्यक्ति को साथ जाने की बचत होती है।
  • देश में इस समय 1.32 लाख वेलनेस सेंटर काम कर रहे हैं। प्रतिदिन करीब चार लाख लोगों का टेली कंसल्टेंसी से इलाज हो रहा है।
  • इस सुविधा से अब तक करीब 7500 करोड़ रुपयों की बचत हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिसंबर 2022 तक डेढ़ लाख वेलनेस सेंटर बनाने का लक्ष्य दिया था। हम उसके काफी करीब हैं।

टेली कंसल्टेशन की सेवा में तमिलनाडु अव्वल

  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डा. मनसुख मांडविया ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के अंतरराज्यीय सम्मेलन में बेहतर कार्य करने वाले राज्यों को पुरस्कृत किया।ृ
  • टेली कंसल्टेशन के माध्यम से उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा प्रदान करने वाले राज्यों तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना एवं पश्चिम बंगाल को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
  • संघ शासित क्षेत्र के चंडीगढ़ एवं जम्मू-कश्मीर के साथ साथ उत्तर पूर्व पहाड़ी राज्यों में से मणिपुर व असम को पुरस्कृत किया गया।

सबसे अधिक आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट जेनरेशन (आभा) आइडी बनाने वाले तीन बड़े राज्यों उड़ीसा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के साथ उत्तरपूर्व पहाड़ी राज्य असम एवं मिजोरम को पुरस्कृत किया गया। आयुष्मान भारत के अंतर्गत बने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश की टीमों को पुरस्कृत किया गया।