Ayodhya: प्रभु राम की नगरी में खुलेगा पर्यटन थाना, देसी-विदेशी पर्यटकों के लिए रहेंगी ये खास सुविधाएं
Ayodhya पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन यहां पर पर्यटन थाना बनवाने जा रही है। द्विभाषी पुलिस पर्यटकों की सुविधा व सुरक्षा का खास ख्याल रखेगी। भूमि की उपलब्ध सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन स्तर पर वार्ता भी चल रही है।

अयोध्या, [रविप्रकाश श्रीवास्तव]। आगरा की तरह रामनगरी में भी पर्यटन पुलिस देखने को मिलेगी। इसके लिए यहां भी पर्यटन पुलिस थाना की स्थापना होगी। अयोध्या आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए यह व्यवस्था की जाएगी। पर्यटन पुलिस थाना खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
एसएसपी प्रशांत वर्मा की निगरानी में इस प्रक्रिया को गति प्रदान की जा रही है। अयोध्या में बढ़ती पर्यटकों की संख्या को दृष्टिगत रखते हुए पर्यटन पुलिस थाना आवश्यक माना जा रहा है। भूमि की उपलब्ध सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन स्तर पर वार्ता भी चल रही है। केंद्र एवं प्रदेश की सरकार रामनगरी को पर्यटन नगरी के तौर पर निखार रही हैं।
राममंदिर निर्माण की बेला में ही यहां देश-विदेश के श्रद्धालु एवं पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। राममंदिर निर्माण के उपरांत, यहां संख्या और तेजी से बढ़ेगी। ऐसे में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। राममंदिर सहित उससे सटे क्षेत्र की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए नया सिक्योरिटी प्लान सीआइएसएफ तैयार कर रही है।
इसी के साथ पर्यटन पुलिस थाना खोलने की दिशा में भी कवायद तेज है। एसएसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि रामनगरी में पर्यटन पुलिस थाना खोलने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। पर्यटन थाने में तैनात पुलिस कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कई भाषाओं का ज्ञान उन्हें दिलाया जाएगा, ताकि हिंदी का ज्ञान न रखने वाले पर्यटकों से भी बातचीत में सरलता हो सके।
यह होगा लाभ : पर्यटन थाना बनने से विदेशी पर्यटकों को आसानी होगी। पर्यटक पुलिस न केवल उनकी सुरक्षा करेगी बल्कि एक टूरिस्ट गाइड की तरह काम भी करेगी। थाने पर तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों को स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे वह विदेशी पर्यटकों की बातों को समझ उनकी तत्काल मदद करेंगे ताकि उनकी समस्या को दूर किया जा सके।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।