Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Tokyo Olympic 2020: CM योगी आदित्यनाथ तथा UP Assembly स्पीकर हृदय नारायण दीक्षित ने दी भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई

    By Dharmendra PandeyEdited By:
    Updated: Mon, 02 Aug 2021 11:14 AM (IST)

    Indian Women Hockey Team in Tokyo Olympic 2020 सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई देने के साथ ही आगे के मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन करने की शुभकामना दी है।

    Hero Image
    सेमीफाइनल में चार अगस्त को भारतीय टीम का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा।

    लखनऊ, जेएनएन। जापान के टोक्यो ओलंपिक खेलों में मजबूत इरादों के साथ उतरी भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास बना दिया है। भारतीय महिला हॉकी टीम पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में पहुंची है। भारतीय टीम की इस सफलता पर सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई देने के साथ ही आगे के मैचों में भी अच्छा प्रदर्शन करने की शुभकामना दी है। सेमीफाइनल में चार अगस्त को भारतीय टीम का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक के 11वें दिन यानी आज इतिहास रच दिया। भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत ने तीन बार की ओलंपिक गोल्ड विजेता और मौजूदा समय में विश्व की नंबर दो टीम को हराकर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है। भारत ने पहली बार 1980 में ओलंपिक खेलों में हिस्सा लिया था और छह टीमों वाले खेल में चौथे पायदान पर रही थी। इससे पहले 2016 में रियो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम 12वें स्थान पर रही थी और अब सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल हुई है। इस बार रानी रामपाल की कप्तानी वाली महिला टीम ने पदक की उम्मीद जगाई है। भारत की ओर से तथा मैच का एकमात्र गोल 22वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गुरजीत कौर ने किया। आस्ट्रेलिया को मैच में नौ पेनल्टी कॉर्नर मिले जबकि भारत को सिर्फ एक ही मिला। भारत ने इस इकलौते पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया।

    भारतीय महिला टीम को सिर्फ तीसरी बार ओलंपिक में क्वालीफाई करने का मौका मिला है। 1980 में मास्को ओलंपिक में टीम छह टीमों में से चौथे स्थान पर रही थी। इसके बाद 2016 में रियो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम 12वें स्थान पर रही थी। भारत का महिला हॉकी में अभी तक का श्रेष्ठ प्रदर्शन 1982 के नई दिल्ली के एशियन गेम्स में रहा। जहां पर टीम ने स्वर्ण पदक जीता था।

    भारतीय महिला हॉकी टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर टीम को बधाई दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा है कि टोक्यो ओलंपिक में अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम ने पहली बार ओलंपिक के सेमीफाइनल में प्रवेश सुनिश्चित किया है। सम्पूर्ण देश को गौरवान्वित करने वाली इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूरी टीम को हार्दिक बधाई। ईश्वर से कामना है कि आपकी सफलता का यह क्रम सतत जारी रहे।

    उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष तथा उन्नाव से विधायक हृदय नारायण दीक्षित ने भी भारतीय महिला हाकी टीम की इस शानदार जीत पर टीम को बधाई दी है। दीक्षित ने भी बधाई का ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने आज टोक्यो ओलंपिक 2020 में इतिहास रच दिया है। यह पूरे भारत के लिए गर्व का क्षण हैं। महिला हॉकी टीम को इस शानदार जीत पर बधाई एवं आगे के सेमीफाइनल मैच के लिए शुभकामनाएं।