Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने में सहयोग करेगा टाटा समूह, सीएम योगी ने टाटा संस के अध्यक्ष से की मुलाकात

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने मुलाकात की। टाटा समूह उत्तर प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने में सहयोग करेगा। एयर इंडिया की एमआरओ सुविधा की स्थापना पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट परियोजना की जानकारी दी और लखनऊ में ग्लोबल सेंटर स्थापित करने का सुझाव दिया।

    By Manoj Kumar Tripathi Edited By: Vinay Saxena Updated: Wed, 21 May 2025 10:55 PM (IST)
    Hero Image
    उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ।- फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन से शिष्टाचार भेंट की। टाटा संस के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिया कि टाटा समूह उत्तर प्रदेश को निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने में सरकार का पूरा सहयोग करेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में एयर इंडिया की संभावित एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहालिंग) सुविधा की स्थापना को लेकर भी वार्ता की। प्रदेश में एमआरओ की सुविधा उपलब्ध होने के बाद विमानन सेवा के क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बुधवार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर हुई इस शिष्टाचार भेंट के दौरान अयोध्या में प्रस्तावित “टेंपल आर्किटेक्चर म्यूजियम” परियोजना पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने टाटा संस के अध्यक्ष को जेवर एयरपोर्ट परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने टाटा समूह की प्रदेश में निवेश गतिविधियों की प्रशंसा की और निवेशकों के लिए बेहतर औद्योगिक माहौल के अपने दृढ़ संकल्प को दोहराया। साथ ही कहा कि टाटा समूह राज्य में अपने निवेश को और भी विस्तार दे।

    मुख्यमंत्री ने टाटा संस के अध्यक्ष को लखनऊ में एक ग्लोबल कैप्टिव सेंटर की स्थापना करने का सुझाव दिया। कहा कि इस कदम से प्रदेश में उच्च तकनीकी और कौशल आधारित रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। वहीं टाटा संस के अध्यक्ष ने राज्य सरकार के उद्योग-हितैषी नीतिगत फैसलों, बुनियादी ढांचे के विकास और निवेश की विभिन्न नीतियों की प्रशंसा की। उन्होंने यह भी कहा कि टाटा संस की आगामी परियोजनाओं में प्रदेश की प्रमुख भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।