Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Taj Mahal: रात में ताजमहल घूमने का सपना होगा पूरा? पर्यटन विभाग कर रहा बड़ा प्लान

    By Jagran NewsEdited By: Aysha Sheikh
    Updated: Thu, 20 Mar 2025 09:55 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ताजमहल को हर दिन रात में खोलने के प्रयास में जुटा है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भारत सरकार स्तर पर पैरवी की जा रही है। फिलहाल ताज केवल पूर्णिमा पर पांच दिन खुलता है। यूपी में धार्मिक व ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास जारी हैं। काशी अयोध्या प्रयागराज जैसे स्थलों पर पर्यटकों की आमद तेजी से बढ़ रही है।

    Hero Image
    रात में ताजमहल घूमने का सपना होगा पूरा? - प्रतीकात्मक तस्वीर।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ताजमहल को हर दिन रात में खुलवाने के प्रयास में जुटा है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सेक्टर तेजी से विकास कर रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घरेलू पर्यटन में हम प्रथम स्थान पर हैं और विदेशी पर्यटकों के मामले में भी अग्रणी बनने के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। ताजमहल को भी रात में खोलने के लिए भारत सरकार के स्तर पर गंभीरता से पैरवी की जा रही है।

    ताज को हर माह पूर्णमासी पर खुलता है ताज

    पर्यटन उद्योग लंबे समय से ताज को रात में खोलने और कृत्रिम प्रकाश से रोशन करने की मांग कर रहा है। चांद की रोशनी में चमकते इस स्मारक का दृश्य अदभुत होता है। वर्तमान में ताज को हर माह पूर्णमासी पर पांच दिन (दो दिन पहले से दो दिन बाद) रात्रि में खोला जाता है।

    पर्यटन मंत्री गुरुवार को एक न्यूज चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि पर्यटन सेक्टर में रोजगार और निवेश की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए धार्मिक, आध्यात्मिक, प्राकृतिक व रोमांच पर्यटन और होम-स्टे की संभावनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

    यूपी की आकर्षित हो रहे पर्यटक

    देश-दुनिया से श्रद्धालु काशी-प्रयागराज-अयोध्या तथा कुशीनगर की ओर आकर्षित हो रहे हैं। स्मारकों पर भी सैलानियों की आमद बढ़ाने की कोशिश हो रही है, इसके तहत ही रात में ताज को खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महाकुंभ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है, जिसमें 66 करोड़ से अधिक लोगों ने डुबकी लगाई। इस जन समुद्र के प्रबंधन के बारे में देश के विश्वविद्यालय व संस्थाएं अध्ययन कर रही हैं।

    मेहताब बाग से ताजमहल की सुरक्षा होगी सख्त

    मेहताब बाग से ताजमहल की सुरक्षा को और सख्त किया जाएगा। पुलिस, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) और एडीए की संयुक्त टीम ने गुरुवार दोपहर निरीक्षण कर यहां का हाल जाना। एडीए के ताज व्यू प्वाइंट पर फेंसिंग सही मिली। अन्य स्थानों पर टूटी या खराब हो चुकी फेंसिंग को दुरुस्त कराया जाएगा। यहां सुरक्षा के लिए एडीए द्वारा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

    ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में मेहताब बाग भी आता है। यहां यमुना किनारा पर वाच टावर बने होने के साथ ही पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। यहां पर हाल ही में ताजमहल की सुरक्षा में सेंध लगने के कई मामले सामने आए थे। पर्यटक फेंसिंग को पार कर यमुना की तलहटी में ताजमहल के नजदीक तक पहुंच गए थे। गुरुवार को संयुक्त टीम ने यहां निरीक्षण किया।

    इसमें पाया गया कि ताज व्यू प्वाइंट पर फेंसिंग है और यहां से पर्यटक यमुना में नहीं जा सकते हैं। ताज व्यू प्वाइंट से ग्यारह सीढ़ी की तरफ फेंसिंग कमजोर है। यहां से पर्यटक, ग्रामीण आदि यमुना में चले जाते हैं। इसे एडीए सही कराएगा। ताज व्यू प्वाइंट से वाच टावर पांच व छह की तरफ भी फेंसिंग खराब थी।

    इसे ताज सुरक्षा पुलिस एएसआइ सही कराएंगे। यहां एक स्थान पर पुलिसकर्मी की ड्यूटी भी लगाई गई है, जिससे कि कोई यमुना में नहीं जाए। निरीक्षण में ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी, एत्माद्दौला के वरिष्ठ संरक्षण सहायक अंकित नामदेव, पथकर पर्यवेक्षक इंद्रपाल सिंह मौजूद रहे। एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि मेहताब बाग के पास हो रही फेंसिंग को सही कराने के साथ ही निगरानी को सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे।