बिहार विधानसभा चुनाव के लिए सुभासपा ने BJP के पाले में डाली गेंद, 29 सीटों की सूची सौंपी; संगठन को भी दिया विस्तार
सुभासपा ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीट बंटवारे की गेंद अब भाजपा के पाले में डाल दी है। पार्टी ने जेपी नड्डा को पिछले दिनों बिहार विधानसभा की उन 29 सीटों की लिस्ट सौंप दी है जिस पर वह एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है। यह सीटें सासाराम पश्चिमी चंपारण नवादा नालंदा गया औरंगाबाद और बेतिया जैसे जिलों में हैं।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बाहर कई राज्यों में पांव पसार रही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सीट बंटवारे की गेंद अब भाजपा के पाले में डाल दी है। पार्टी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पिछले दिनों बिहार विधानसभा की उन 29 सीटों की सूची सौंप दी है, जिस पर वह एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहती है। इन 29 सीटों पर सुभासपा ने अपने संगठन को प्रखंड स्तर पर विस्तार देते हुए पदाधिकारी मनोनीत कर दिए हैँ।
सुभासपा ने राजभर और अति पिछड़ी बहुल जातियों वाली 28 जिलों की 29 सीटें चिन्हित की हैं। यह सीटें सासाराम, पश्चिमी चंपारण, नवादा, नालंदा, गया, औरंगाबाद और बेतिया जैसे जिलों में हैं।
ओपी राजभर लगातार बिहार का कर रहे हैं दौरा
पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर सहित संगठन के कई जिम्मेदार पदाधिकारी लगातार बिहार का दौरा कर रहे हैं। इस साल 25 सभाएं सुभासपा वहां कर चुकी है। राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर का कहना है कि पिछले दिनों बिहार के संगठन ने 29 सीटों का मतदाताओं का जातिगत आंकड़ा दिया था। उस आंकड़े के आधार पर एनडीए से सीटें मांगी जा रही हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और जेपी नड्डा से मिलकर उनको जातिगत आंकड़े सहित 29 सीटों की सूची सौंप दी गई है। अंतिम रूप से सीटों को लेकर जल्द ही निर्णय हो जाएगा।
राजस्थान में पंचायत चुनाव लड़ेगी सुभासपा
बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने राजस्थान में भी अपने पांव जमाने शुरू कर दिए हैं। राजस्थान में पंचायत चुनाव लड़ने के इरादे से पार्टी ने सोमवार को राजस्थान कार्यकारिणी में प्रदेश अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और दो सचिव मनोनीत कर दिए हैं। सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविन्द राजभर ने सोमवार को बताया कि राजस्थान में पार्टी पंचायत चुनाव लड़ेगी। इसी को देखते हुए पार्टी ने जय प्रकाश राठौड़ उर्फ बंटी सिंह को राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष, अभिषेक शर्मा उर्फ भारत शर्मा को उपाध्यक्ष, राजू सिंह राठौड़ और दीपक सिंह राठौड़ को संगठन में प्रदेश सचिव मनोनीत किया है।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने बताया कि राजस्थान में प्रदेश अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कार्यकारिणी का विस्तार करेंगे। ऊर्जावान युवाओं को पार्टी राजस्थान में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देगी। इसके लिए जल्द ही संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी राजस्थान का दौरा भी करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।