लखनऊ में किसान पथ के अंडरपास के पास पलटी तेज रफ्तार कार, दारोगा की मां और ताऊ की मौत
Car Accident in Lucknow: कार में बिजनौर के नाहटौर थाने में तैनात दारोगा सोनू निगम (28) भी सवार थे।

चकौली अंडरपास के पास रविवार सुबह कार अनियंत्रित होकर पलट गई
HighLights
बिजनौर के नाहटौर थाने में तैनात दारोगा सोनू निगम
दारोगा समेत दो लोग घायल, अस्पताल में चल रहा उपचार
चकौली अंडरपास के पास सुबह नौ बजे पलटी कार
संवाद सूत्र, लखनऊ : राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में चकौली अंडरपास के पास रविवार सुबह कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार दारोगा की मां और ताऊ की मौत हो गई। दारोगा समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
चकौली अंडरपास के पास सुबह करीब नौ बजे कार पलटी। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि कार बुलंदशहर से मोहनलालगंज की ओर जा रही थी। कार में चार लोग सवार थे। इनमें बिजनौर के नाहटौर थाने में तैनात दारोगा सोनू निगम (28) भी शामिल थे।
इस कार हादसे में सोनू निगम की मां सावित्री देवी (48) और ताऊ शेर सिंह (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सोनू निगम और संदीप भाटी (28) को सामान्य चोटें आई हैं। उनका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर मौके पर यातायात को सामान्य कराया गया।
