लखनऊ में LDA की बड़ी पहल, 10 एकड़ से अधिक जमीन देने वालों को ग्रीन कॉरिडोर के पास मिलेंगे प्लॉट
एलडीए की वेलनेस सिटी योजना में 10 एकड़ से अधिक भूमि देने वाले किसानों को ग्रीन कॉरिडोर के पास प्राइम लोकेशन पर भूखंड मिलेंगे।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
10 एकड़ से अधिक भूमि पर प्राइम भूखंड आवंटित होंगे।
वेलनेस सिटी को सुपर स्पेशलिटी मेडि सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।
योजना की मुख्य सड़कें निर्माणाधीन ग्रीन कॉरिडोर से जोड़ी जाएंगी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए की वेलनेस सिटी योजना में लैंड पूलिंग के माध्यम से 10 एकड़ से अधिक भूमि देने वाले काश्तकारों को ग्रीन कारिडोर के पास प्राइम लोकेशन पर भूखंड आवंटित होंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को योजना का निरीक्षण करके ग्रीन कारिडोर के पास की भूमि को इसके लिए आरक्षित करने के भी निर्देश दिए हैं।
सुलतानपुर रोड व किसान पथ के मध्य 485 हेक्टेयर क्षेत्रफल में वेलनेस सिटी योजना विकसित की जा रही। इसके लिए ग्राम-बक्कास, मलूकपुर ढ़कवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा तथा मस्तेमऊ की भूमि चिन्हित है। वेलनेस सिटी को मेडि सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।
जहां सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल, मेडिकल कॉलेज, डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ विपासना केंद्र व मेडिटेशन सेंटर आदि होंगे। उपाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान में लैंड पूलिंग के माध्यम से भूमि जुटाव का कार्य किया जा रहा। अभी तक 200 हेक्टेयर भूमि के लैंड पूलिंग के प्रस्ताव मिल चुके हैं।
125 विकसित भूखंड आवंटित
प्रथम चरण में लाटरी के माध्यम से काश्तकारों को 125 विकसित भूखंड आवंटित हो चुके हैं। अगले माह फिर लाटरी के माध्यम से 200 भूखंड आवंटित हाेंगे। लैंड पूलिंग नीति के तहत योजना के लिए 10 एकड़ या उससे अधिक भूमि देने वाले किसानों को 50 प्रतिशत अविकसित भूखंड ग्रीन कारिडोर के पास आवंटित किए जाएंगे। इसमें भूखंड के आसपास विकास का पूरा कार्य एलडीए कराएगा।
उपाध्यक्ष ने बताया कि वेलनेस सिटी के चार मुख्य मार्गों को निर्माणाधीन ग्रीन कारिडोर से जोड़ा जाएगा। शहीद पथ से किसान पथ के मध्य 6.5 किलोमीटर लंबा व 24 मीटर चौड़ा ग्रीन कारिडोर आकार लेने लगा है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में गोमती नदी को संवारने के लिए मास्टर प्लान तैयार, ड्रोन सर्वे में मिले 12 नए नाले
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित वेलनेस सिटी में ट्रैफिक निर्बाध रूप से संचालित हो, इसके लिए योजना में 60 मीटर से 24 मीटर चौड़ी सड़कें विकसित की जा रही हैं। निरीक्षण में मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, एसडीएम संगीता राघव, जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं मनोज सागर आदि उपस्थित रहे।
सीजी सिटी में तैयार हो रहा कार्निवल 365
सीजी सिटी योजना में अर्बन वेट लैंड के पास निर्मित फुटओवर ब्रिज एरिया में कार्निवल 365 विकसित किया जा रहा। उपाध्यक्ष ने परियोजना का निरीक्षण करके दो माह में स्थल संचालित करने के निर्देश दिए हैं। यहां 10 फूड कियास्क, बच्चों के लिए इनडोर व आउटडोर गेम्स, झूले आदि की सुविधा होगी। साथ ही वेट लैंड में आने वाले प्रवासी पक्षियों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर विकसित किया जा रहा है।
40 करोड़ से बन रहा 1500 मीटर लंबा नाला
सीजी सिटी में 40 करोड़ रुपये की से 1500 मीटर लंबा बाक्स ड्रेन नाला निर्मित किया जा रहा। इससे सीजी सिटी व आसपास विकसित 10 से अधिक निजी टाउनशिप के वर्षा जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी। उपाध्यक्ष ने परियोजना का निरीक्षण करके एलाइनमेंट को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
