विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के रिस्क से पीछे हटी सपा, अखिलेश यादव भी बोले- तीन नहीं 403 पर नजर

Published: Tue, 06 Oct 2026 08:30 PM (GMT+05:30)

समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए अपना प्रत्याशी उतारने का फैसला अंतिम समय में टाल दिया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सपा ने राज्यसभा की तीसरी सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारा।

  2. क्रॉस वोटिंग के जोखिम और विधायकों की कमी मुख्य कारण।

  3. अखिलेश यादव ने 403 विधानसभा सीटों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए प्रत्याशी उतारने की तैयारी में जुटी समाजवादी पार्टी ने आखिरी समय में कदम पीछे खींच लिए। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 30 सितंबर को विधायकों का गणित पूरा होने पर प्रत्याशी उतारने की बात कही थी और दूसरे खेमे के विधायकों के संपर्क में होने के दावे के साथ अपने पुराने बागी विधायकों को भी वापसी का ऑफर दिया था, फिर भी पार्टी का गणित नहीं बैठा।

पिछले चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले सपा विधायक विनोद चतुर्वेदी ने सोमवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इसके बाद ही प्रत्याशी न उतारने का निर्णय हुआ और सपा प्रमुख ने मंगलवार सुबह 9.39 बजे एक्स पर लिखा, ‘अब हमारी निगाह तीन पर नहीं, 403 पर है।’

पिछले चुनाव में क्रॉस वोटिंग कर चुके हैं सपा के विधायक

सपा के विधायकों की संख्या के हिसाब से दो प्रत्याशी जिताने के बाद उसे तीसरी सीट के लिए दूसरे खेमे के विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ती। साथ में अपने विधायकों को एकजुट रखने की भी चुनौती थी। सपा के कुछ विधायक पिछले राज्यसभा चुनावों में क्रॉस वोटिंग कर चुके हैं। ऐसे में तीसरे प्रत्याशी के लिए अतिरिक्त वोट जुटाने की कोशिश भाजपा की ओर से भी सेंधमारी का अवसर खोल सकती थी।

वहीं, नामांकन के अंतिम दिन से पहले साेमवार रात पिछले चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विनोद चतुर्वेदी ने असंबद्ध विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी फोटो भी एक्स पर पोस्ट कर शिष्टाचार भेंट बताया गया।

सूत्रों का कहना है कि इसके बाद ही सपा ने तीसरा प्रत्याशी न उतारने का निर्णय लिया और सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट से विधान सभा की 403 सीटों की तैयारी में जुटे रहने का संदेश दिया। वहीं संभावित क्रॉस वोटिंग के राजनीतिक जोखिम को भी टाल दिया है।

यह भी पढ़ें- राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के सभी प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन, CM योगी रहे मौजूद

यह भी पढ़ें- बीजेपी के 8 कैंडिडेट के बाद सपा के तीसरे प्रत्याशी पर सभी की नजर, यूपी राज्यसभा चुनाव में क्या फिर होगा 'खेल'?