सपा ने कांग्रेस के पाले में डाली ये 26 सीटें, 2027 के सीट बंटवारे पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान
सपा ने उत्तर प्रदेश 2027 चुनाव के लिए कांग्रेस को 26 सीटों की सूची सौंपी है, जिस पर दिल्ली में वार्ता शुरू हो गई है।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव। फाइल फोटो
HighLights
सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों की सूची सौंपी।
अखिलेश यादव ने गठबंधन में 'एडजस्टमेंट' पर जोर दिया।
जीतने के लिए मिलकर काम करना दलों की जिम्मेदारी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दिए जाने के बाद चल रहीं सियासी चर्चाओं के बीच अखिलेश यादव ने इसे अच्छी शुरुआत करा दिया है। सपा प्रमुख ने कहा है कि जो गठबंधन होते हैं, वो इसीलिए होते हैं कि हम जीतें। हम सब मिलकर ऐसा एडजस्टमेंट करें, ऐसा एक-दूसरे को अकोमोडेट करें कि सामने वाले को हरा सकें। यही राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। सपा के इस बयान को कांग्रेस के लिए संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर दिल्ली में सोमवार से वार्ता शुरू हुई है। सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव द्वारा कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दिए जाने की बात कही थी। मंगलवार को सपा प्रमुख ने एक्स पर लिखा, ‘जीतने वाली 26 सीटों से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात’।
इससे पहले लखनऊ कैंट स्थित गुरुद्वारा में गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सपा प्रमुख ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस को दी जाने वाली सीटों के सवाल पर कहा कि हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता बातचीत कर रहे हैं। वहां क्या बातचीत हो रही है, एक दूसरे से कितनी सीटों को लेकर सहमति बन रही है और कितनी सीटें दूसरा दल जीत सकता है, इस पर विचार चल रहा है। अभी कह पाना मुश्किल है।
इसके आगे उन्होंने कहा कि जीतने का रास्ता कैसे निकले? उस पर समीकरण क्या हो? हम किसको प्रत्याशी बनाएं? समाजवादी तो इस रास्ते पर है कि एडजस्ट करें, अकोमोडेट करें। भाजपा जैसी मशीन से जीतना है तो कहीं न कहीं तैयारी भी करनी पड़ेगी और निर्णय भी ठीक लेने पड़ेंगे।
चुनाव की घोषणा के प्रश्न पर कहा कि जनता चुनाव समय पर चाहती है। वहीं अखिलेश ने पिछले दिनों सहारनपुर में एमआईएमआईएम प्रमुख असद्दुद्दीन ओवैसी को गार्ड आफ आनर दिए जाने पर बिना नाम लिए प्रहार किया।
एक्स पर लिखा कि भाजपा सरकार से गलती ये हुई कि जो संबंध दबा-छिपा था उसका भंडाफोड़ हो गया है। या फिर ये भी हो सकता है कि इनको सम्मान देकर, अप्रत्यक्ष रूप से किसी और का अपमान किया जा रहा हो।
इन 26 सीटों की सूची देने की चर्चाएं
सूत्रों के मुताबिक, जो 26 सीटें कांग्रेस को दिए जाने की बात कही जा रही है। उनमें रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा, वाराणसी कैंट शामिल है। यह सीटें पूर्व में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित तौर पर सपा द्वारा कांग्रेस को सौंपी गई 54 सीटों की सूची में भी शामिल थीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।