बैरिया विधायक के खिलाफ मुखर हुए सपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, सपा सुप्रीमो को भेजा शिकायती पत्र
बैरिया विधानसभा क्षेत्र में सपा विधायक जयप्रकाश अंचल के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी खुलकर सामने आई है। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को पत्र भेजकर विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और आगामी चुनाव में स्थानीय प्रत्याशी की मांग की है।

बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा अखिलेश यादव को भेजा शिकायती पत्र।
HighLights
सपा कार्यकर्ताओं ने बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल के खिलाफ नाराजगी जताई।
अखिलेश यादव को पत्र भेजकर विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
आगामी विधानसभा चुनाव में स्थानीय प्रत्याशी उतारने की मांग की।
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया)। समाजवादी पार्टी में बैरिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयप्रकाश अंचल के खिलाफ पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष दशरथ यादव के माध्यम से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को शिकायती पत्र भेजकर विधायक के कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है। शिकायती पत्र में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि विधायक जयप्रकाश अंचल का क्षेत्र की जनता से कोई विशेष जुड़ाव नहीं है। आम लोगों और विधायक के बीच काफी दूरी बनी हुई है। पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की भी लगातार उपेक्षा की जा रही है।
पत्र में कहा गया है कि विधायक मूल रूप से बेल्थरारोड के निवासी हैं और दो बार बैरिया से विधायक चुने जाने के बावजूद क्षेत्र की समस्याओं से उनका अपेक्षित जुड़ाव नहीं बन पाया है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि यदि पार्टी आगामी चुनाव में किसी स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी नहीं बनाती है तो क्षेत्र के जागरूक मतदाता समाजवादी पार्टी के विपरीत मतदान कर सकते हैं।
ऐसी स्थिति के लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। शिकायती पत्र पर पूर्व प्रधान हरेराम यादव, राजमंगल यादव, पूर्व प्रधान विद्यासागर यादव, समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव संदीप कुमार यादव, युवजन सभा के बैरिया अध्यक्ष पंकज यादव, पूर्व प्रधान उपेंद्र यादव, संजय यादव, धीरज गोड़, अरविंद यादव और अखिलेश साहनी समेत करीब सात दर्जन पूर्व प्रधानों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं।
इस संबंध में बैरिया विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष दशरथ यादव ने बताया कि कार्यकर्ताओं का प्रतिवेदन उन्हें प्राप्त हुआ है। पार्टी हित में कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए शिकायती पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।