विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'दिल्ली में कांग्रेस नेताओं ने सपा को उसकी हैसियत बताई...', मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर किया तीखा हमला

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:46 PM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा-कांग्रेस गठबंधन की कवायद को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस ने सपा को उसकी हैसियत बता दी और शिवपाल यादव को नजरअंदाज करने के परिणाम भी बताए।

ओम प्रकाश राजभर, कैबिनेट मंत्री, यूपी सरकार

ओम प्रकाश राजभर, कैबिनेट मंत्री, यूपी सरकार

HighLights

  1. राजभर ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर अखिलेश यादव को जमकर घेरा।

  2. दिल्ली में कांग्रेस ने सपा को उसकी हैसियत बताई।

  3. शिवपाल यादव को नजरअंदाज करने के गंभीर परिणाम बताए।

डिजिटल टीम, लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ हुई पहली बैठक में ही सपा को उसकी हैसियत बता दी गई।

राजभर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने महज 20 मिनट में चाय पिलाकर सपा नेताओं को सीटों के बंटवारे का पत्र थमा दिया और बराबर हिस्सेदारी की बात कहकर विदा कर दिया। उन्होंने कहा कि न प्रियंका गांधी ने दिलचस्पी दिखाई और न ही केसी वेणुगोपाल ने कोई रिस्पॉन्स दिया।

'शिवपाल को नजरअंदाज करने का नतीजा'

राजभर ने कहा कि कांग्रेस समझ गई है कि यह अमर सिंह, आजम खान और शिवपाल सिंह यादव वाली ताकतवर सपा नहीं है। अब पार्टी के पास एकमात्र 'लाइजनर चाचा' ही बचे हैं। उन्होंने कहा कि सपा के जमीनी कार्यकर्ता भी हैरान हैं कि अखिलेश को उनके 'लाइजनर चाचा' पिछले 10 साल से कौन सी पीएचडी करा रहे हैं, जिसे वह अब तक क्लियर नहीं कर पाए हैं। राजभर ने कहा कि कांग्रेस की नस-नस पहचानने वाले शिवपाल को नजरअंदाज करने का नतीजा यही होगा।

शिवपाल के खेमे के 45 विधायकों का किया जिक्र

राजभर ने अखिलेश को सलाह दी कि 'लाइजनर चाचा' के हसीन ख्वाबों वाली थीसिस पढ़ना छोड़कर शिवपाल सिंह यादव के अंडर में जमीनी राजनीति पर पीएचडी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि शिवपाल की संगत में रहने से अखिलेश दिल्ली में बैठे मतलबी दोस्तों के तीन-तिकड़म से बच सकते हैं। राजभर ने कहा कि कहीं अगला राजनीतिक धमाका शिवपाल सिंह यादव ही न कर दें। उन्होंने कहा कि सपा में माहौल ऐसा बना दिया गया है कि शिवपाल के खेमे के करीब 45 विधायक कभी भी पासा पलट सकते हैं।

इंडी गठबंधन के पास कोई वोट बैंक नहीं

राजभर ने इंडी गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसके पास अब कोई वोट बैंक नहीं बचा है। उन्होंने अखिलेश के एम-वाई समीकरण का जिक्र करते हुए कहा कि भाईचारे का 'चारा' भी इस बार खुदा हाफिज कहने के लिए तैयार बैठा है। राजभर ने कहा कि दिल्ली में बैठे कांग्रेस के नेता भी इसी मौके के इंतजार में हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।