यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कांग्रेस-सपा के बीच बढ़ती दूरियां अचानक कैसे हुईं खत्म? प्रियंका ने निभाई अहम भूमिका; गठबंधन की Inside Story
कांग्रेस व सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर काफी दिनों से खींचतान चल रही थी। अखिलेश यादव ने सबसे पहले कांग्रेस को 11 सीटें देने की बात कही थी। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने भी डेढ़ दर्जन सीटाें पर अपना दावा कायम रखने की बात कही थी। सपा ने 31 सीटों पर अपने प्रत्याशी भी घोषित कर दिए थे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस व सपा के बीच बढ़ती दूरियां बुधवार को अचानक खत्म हो गईं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा की इसमें प्रमुख भूमिका रही। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत की और इसके बाद ही सीटों को लेकर चल रही खींचतान ने विराम ले लिया। कांग्रेस को 17 सीटें देने की सहमति के साथ ही दोनों दलों के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने का निर्णय हो गया।
कांग्रेस व सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर काफी दिनों से खींचतान चल रही थी। अखिलेश यादव ने सबसे पहले कांग्रेस को 11 सीटें देने की बात कही थी। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने भी डेढ़ दर्जन सीटाें पर अपना दावा कायम रखने की बात कही थी। सपा ने 31 सीटों पर अपने प्रत्याशी भी घोषित कर दिए थे।
दोनों दलों के बीच दूरियां बढ़ने की चर्चाएं हो गई थीं तेज
इसी बीच अखिलेश यादव ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में अमेठी या रायबरेली में शामिल होने की सहमति भी दे दी थी। हालांकि, वह यात्रा में शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद ही दोनों दलों के बीच दूरियां बढ़ने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। माना जा रहा था कि गठबंधन नहीं होगा।
अचानक बदले घटनाक्रम में बुधवार दोपहर ढाई बजे कांग्रेस प्रवक्ता डा. सीपी राय ने शाम पांच बजे कांग्रेस व सपा नेताओं की संयुक्त प्रेसवार्ता का संदेश प्रसारित किया। इसके बाद तय हो गया कि विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए के तहत अब दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे। प्रेसवार्ता में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने सकरात्मक रूप से गठबंधन के निर्णय में प्रियंका वाड्रा की विशेष भूमिका होने का जिक्र भी किया। प्रियंका प्रदेश में पहले से सक्रिय रही हैं।