विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लोकसभा चुनाव से पहले लगातार कुनबा बढ़ा रही भाजपा, पूर्व सांसद-विधायक समेत दूसरे दलों के दर्जनों नेताओं ने थामा बीजेपी का दामन

Published: Wed, 21 Feb 2024 09:11 PM (GMT+05:30)

भाजपा ने सपा बसपा व कांग्रेस के कई नेताओं को अपने खेमे में शामिल कर लिया। भाजपा का दामन थामने वालों में एक पूर्व सांसद कई पूर्व विधायक नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पार्षद कर्मचारी नेता छात्र नेता समेत लगभग सात दर्जन लोग शामिल हैं। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने इन नेताओं को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कराई।

हरिकिशोर तिवारी को भाजपा की सदस्यता दिलाते उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।- जागरण
हरिकिशोर तिवारी को भाजपा की सदस्यता दिलाते उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।- जागरण

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कुनबा बढ़ाने की रणनीति के तहत भाजपा ने बुधवार को सपा, बसपा व कांग्रेस के कई नेताओं को अपने खेमे में शामिल कर लिया। भाजपा का दामन थामने वालों में एक पूर्व सांसद, कई पूर्व विधायक, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्ष ,पार्षद, कर्मचारी नेता, छात्र नेता समेत लगभग सात दर्जन लोग शामिल हैं। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी तथा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक ने इन नेताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।

सपा छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में बिजनौर के पूर्व सांसद शीश राम सिंह रवि, कानपुर देहात के पूर्व विधायक कमलेश दिवाकर व रामप्रकाश कुशवाहा, गाजीपुर की सैदपुर सीट के पूर्व विधायक भोनूराम सोनकर, हमीरपुर की पूर्व विधायक अम्बेश कुमारी, बस्ती की नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नेहा वर्मा, कासगंज की नगर पंचायत मोहनपुर के अध्यक्ष पुनीत यादव, बरेली की जिला पंचायत सदस्य नीलम गंगवार, मैनपुरी के जिला पंचायत सदस्य शुभम सिंह जाटव, फिरोजाबाद के हाथवंत ब्लाक प्रमुख सुरेश यादव, कानपुर देहात के जिला पंचायत सदस्य राजू दिवाकर व आकाश सिंह, सपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव रेनू बाला, इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह, पूर्व मंत्री जगदीश राणा की पुत्री प्रियम्वदा राणा आदि शामिल हैं।

बसपा को छोड़ कर भाजपा का दामन थामने वालों में पूर्व एमएलसी अनिल कुमार अवाना, चंदौली के पूर्व विधायक छब्बू पटेल, जालौन की नगर पालिका उरई के अध्यक्ष विजय चौधरी, यूपी श्रम एवं निर्माण सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष सुशील कुमार कटियार, बस्ती की नगर पंचायत मुंडेरवा के अध्यक्ष सुनील सिंह आदि शामिल हैं। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हरिओम कठेरिया, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी, हाथरस की नगर पंचायत सादाबाद की अध्यक्ष हेमलता व नगर पंचायत मेंडू के अध्यक्ष सचेन्द्र कुशवाहा, कासगंज की नगर पंचायत भरगेंन के अध्यक्ष चमन खां व नगर पंचायत सिढ़पुरा अध्यक्ष कंचन गुप्ता, बदायूं की नगर पंचायत उसावां की अध्यक्ष प्रियंका चौहान, बरेली से जिला पंचायत सदस्य राकेश गंगवार, फेडरेशन आफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। आगरा, मथुरा व अलीगढ़ के कई पार्षद भी भाजपा में शामिल हुए।

मोदी के नेतृत्व में विकास यात्रा से जुड़ना चाहते हैं सभी: भूपेन्द्र

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि आप सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जारी विकास यात्रा से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। दस वर्ष के शासनकाल के बाद भी नरेन्द्र मोदी के लिए जनता का स्नेह, समर्थन और आकर्षण बढ़ रहा है। भाजपा सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी पार्टी है। हम लोकसभा चुनाव की णहलीज पर खड़े हैं। आप सभी को नरेन्द्र मोदी को प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेकर इसमें जुटना है।

राहुल का नशा तो 2019 में अमेठी वालों ने उतारा था: केशव मौर्य 

इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सभी दलों में भगदड़ की स्थिति है। आज कोई सपा, बसपा व कांग्रेस में नहीं रहना चाहता है। देशहित में काम करने वाली भाजपा इस बार उप्र की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतेगी। उन्होंने उप्र में भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला किया। यह कहते हुए कि उप्र के युवाओं को नशेड़ी बताने वाले राहुल गांधी का नशा तो 2019 में अमेठी वालों ने ही उतार दिया था। इस बार रायबरेली में भी नशा उतर जाएगा।

यह भी पढ़ें: 'यूपी को ये साथ पसंद है', 2017 विधानसभा चुनाव में क्यों फेल हुआ गठबंधन, सामाजिक समीकरण साधने में कहां हुई थी चूक?

तेजी से बढ़ रहा भाजपा का कारवां: ब्रजेश पाठक

भाजपा में शामिल होने वालों का स्वागत करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा का कारवां तेजी से आगे बढ़ रहा है। मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं ने जन-जन में पैठ बनाई है। भाजपा के लिए जाति का मतलब गरीब, किसान, महिलाएं और युवा हैं। आने वाले 100 दिनों में आपको हर मिनट कमल को जिताने के लिए काम करना होगा।

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस-सपा गठबंधन की तस्वीर साफ, 17 सीटों पर लड़ेगी INC; बाकी सीटों पर SP और अन्य दल के प्रत्याशी लड़ेंगे चुनाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।