Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्व MLA के घर पहुंचीं कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया और महासचिव प्रियंका, बेटे के निधन पर व्‍यक्‍त की शोक संवेदना

    By Divyansh RastogiEdited By:
    Updated: Wed, 22 Jan 2020 05:35 PM (IST)

    Sonia Gandhi and Priyanka Vadra Raebareli Visit कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका वाड्रा रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर। ...और पढ़ें

    Hero Image
    पूर्व MLA के घर पहुंचीं कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया और महासचिव प्रियंका, बेटे के निधन पर व्‍यक्‍त की शोक संवेदना

    रायबरेली, जेएनएन। करीब सात महीने बाद स्थानीय सांसद सोनिया गांधी अपनी बेटी कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के साथ बुधवार को रायबरेली पहुंचीं। वे दोपहर 2.20 पर अमेठी जिले के फुर्सतगंज हवाई अड्डे पर उतरकर सड़क मार्ग से सीधे ऊंचाहार के अरखा स्टेट गईं। जहां पूर्व विधायक अजय पाल सिंह के घर आधे घंटे रुककर भुएमऊ गेस्ट हाउस चली गईं। यहीं उन्हें दो दिन रुकना भी है। यहां पूर्वी और पश्चिमी कांग्रेस के शहर व जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त बैठक होनी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

     

    फुर्सतगंज से सीधे कांग्रेस की दोनों नेता 3.56 पर ऊंचाहार के अरखा स्टेट पहुंचीं। सीधे परिवार से मिलने घर के अंदर गईं। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना तिवारी व सांसद प्रतिनिधि केएल शर्मा मौजूद थे। सोनिया गांधी ने अजय पाल समेत पूरे परिवार को ढांढस बंधाया। 29 दिसंबर की रात पूर्व विधायक के बेटे अर्णवराज सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी। परिवार से मिलने के बाद कांग्रेस नेता गण का काफिला भुएमऊ गेस्ट हाउस चला गया।

    अरखा कोठी मे दूसरी बार देश के बड़े नेता की दस्तक

    अरखा गांव में राजा अरखा की कोठी बुधवार को दूसरी बार देश के बड़े नेता के आगमन की गवाह बनी। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 1995 में यहां आए थे। जब वे अरखा पहुंचे थे तो उस समय का माहौल दूसरा था। वे राजा अरखा को भाजपा में शामिल कराने के लिए आए थे। उस समय माहौल खुशी का था। हजारों की भीड़ उनके स्वागत में उल्लास के साथ खड़ी थी। बुधवार को जब सोनिया गांधी उसी अरखा कोठी में पहुंची तो माहौल गमगीन था। वहां मौजूद लोगों की आंखे नम थी। लोगों के चेहरे मुरझाए हुए थे।

    आंखों से छलका दर्द

    सोनिया गांधी व प्रियंका पूर्व विधायक के साथ ही उनकी पत्नी जयंती, मां कीर्ति सीता उमा दासी और बेटी आयुषी से मिलीं। दोनों नेताओं ने उन्हें सांत्वना दी और हमेशा परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन भी दिया। उनका अपनापन देख दुखी परिवार के लोगों की आंखें बरबस ही छलक पड़ीं।

    गांधी परिवार के करीबी रहे हैं पूर्व विधायक 

    अजय पाल के बेटे ने अज्ञात कारणों से गोली मारकर जान दे दी थी। अजय पाल कांग्रेस के स्थापित नेताओं में से एक हैं और गांधी परिवार के करीबी रहे हैं। उस समय सोनिया गांधी ने अजय पाल को एक भावुक पत्र लिख कर संवेदना जताई थी। 

    प्रशिक्षण कार्यशाला में करेंगी शिरकत 

    रायबरेली से लगभग छह किमी दूर परशदेपुर रोड पर भुएमऊ गेस्ट हाउस में प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग 37 जिलों को शामिल किया है। जिसमें 70 जिला और शहर अध्यक्ष शामिल हुए हैं। प्रशिक्षण के लिए प्रदेश के अलावा अन्य प्रांतों से ट्रेनर बुलाए गए हैं। ये इन नेताओं के बौद्धिक स्तर को तराश रहे हैं। खासकर उनकी राजनैतिक और सामाजिक समझ को मजबूत करने पर बल दिया जा रहा है। कांग्रेस की रीति-नीति के साथ ही उनके शासनकाल की उपलब्धियां बताई जा रही हैं। इसके साथ भाजपा सरकार की खिलाफत के लिए खासतौर पर ट्रेनिंग दी जा रही है। 

    बैठक में होगी 129 पदाधिकारियों से बात 

    बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका वाड्रा गेस्ट हाउस में एक बैठक भी कर सकती हैं। जिसमें यहां ट्रेनिंग लेने आए 129 पदाधिकारियों के साथ ही प्रदेश कार्यकारिणी के नेता भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले दिन सुबह ही भुएमऊ आ गए और वहीं पर रुके हैं।