एसजीपीजीआई में पहली बार पैर का अंगूठा हाथ में लगाया, युवक को मिली नई जिंदगी; 10 घंटे की माइक्रो सर्जरी सफल
एसजीपीजीआई लखनऊ के डॉक्टरों ने 19 वर्षीय युवक के कटे हुए अंगूठे की जगह पैर का अंगूठा सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया है।

सर्जरी से पहले और सर्जरी के बाद अंगूठा।
HighLights
एसजीपीजीआई में पैर का अंगूठा हाथ में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया।
10 घंटे की जटिल माइक्रो सर्जरी से युवक को नया अंगूठा मिला।
युवक के हाथ की कार्यक्षमता वापस आई, मिली नई जिंदगी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई के डॉक्टरों ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। संस्थान के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने पहली बार पैर के अंगूठे को हाथ में प्रत्यारोपित कर उसका सफल पुनर्निर्माण किया है, जिसे ‘ग्रेट टो टू थंब ट्रांसफर’ भी कहा जाता है। अब मरीज का नया अंगूठा पूरी तरह काम कर रहा है। युवक की नई जिंदगी के साथ हाथ की कार्यक्षमता भी वापस आ गई है।
हाथ के कार्यों में अंगूठे की भूमिका लगभग 40 प्रतिशत होती है। अंगूठा न होने पर हाथ की कार्यक्षमता काफी प्रभावित हो जाती है। कानपुर में 17 मार्च को एक हादसे में गोरखपुर का 19 वर्षीय युवक दाहिने हाथ का अंगूठा गंवा बैठा था। साथ ही हाथ की दोनों हड्डियां भी टूट गई थीं। परिवारजन किसी रिश्तेदार की सलाह पर मरीज को लेकर एसजीपीजीआई पहुंचे।
ऑर्टिफिशियल नहीं, प्राकृतिक अंगूठा बनाने का फैसला
प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रो. डॉ. अंकुर भटनागर ने बताया कि कई जगह ऑर्टिफिशियल अंगूठा लगाने की सलाह दी गई थी, लेकिन इससे पूरी कार्यक्षमता वापस नहीं आती, क्योंकि अंगूठे में मूवमेंट और सेंसेशन भी जरूरी है। उन्होंने कहा, यदि अंगूठा की कार्यक्षमता वापसी नहीं आती तो पूरी जिंदगी बिना काम के कैसे गुजरती?
काउंसलिंग के बाद बाएं पैर के अंगूठे को छोटा करके हाथ में लगाने की योजना बनाई गई। यह जटिल सर्जरी करीब 10 घंटे तक चली। 30 सितंबर 2026 को जनरल एनेस्थीसिया में सफल ऑपरेशन किया गया। एनेस्थीसिया विभाग के साथ मिलकर इसे सफल बनाया गया। एक ने हाथ का हिस्सा तैयार किया तो दूसरे ने पैर के अंगूठे को धमनी, नस, नर्व और टेंडन सहित अलग किया।
अंगूठे को 1.5 मिलीमीटर के किर्शनेर तार से हड्डी से जोड़ा गया। इसके बाद टेंडन, धमनी, शिरा व नर्व को जोड़ा गया। रक्त प्रवाह सुचारू होने के बाद त्वचा बंद की गई। पैर को स्थिर रखने के लिए पीओपी स्लैब लगाया गया।
पैर से अंगूठा निकलने के बावजूद मरीज बिना सहारे चल रहा है। इसमें 0.3 मिलीमीटर तक की बारीक आर्टरी जोड़नी पड़ती है। डॉ. भटनागर का कहना है कि इस सर्जरी पर महज 25 से 30 हजार रुपये खर्च आया है, जो निजी अस्पतालों की तुलना में कई गुना कम है।
ऐसे मरीजों की काउंसिलिंग जरूरी
प्रो. भटनागर ने बताया कि ऐसे मरीजों की काउंसिलिंग बहुत जरूरी होती है, क्योंकि डर रहता है कि अगर सर्जरी सफल नहीं हुई तो पैर का अंगूठा भी चला जाएगा और हाथ का तो पहले से ही गया है। निदेशक प्रो. डॉ. आरके धीमान ने प्लास्टिक सर्जरी विभाग को सफल उपचार के लिए टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि अब पीजीआई हैंड ट्रांसप्लांट की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सर्जरी करने वाली टीम में प्लास्टिक सर्जरी विभाग से डॉ. राजीव कुमार भारती, डॉ. निखिलेश कुमार, डॉ. आईना, डॉ. सुरभि और एनेस्थीसिया से प्रो. आशीष कनौजिया, डॉ. शिखा, डॉ. अंजलि ने भी सहयोग किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।