विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय सेना की तरह अब रेलवे में भी तकनीकी एंट्री स्कीम, एसएसई की भर्ती के लिए किया बड़ा बदलाव

Published: Sat, 21 Nov 2026 04:03 PM (IST)

Technical Entry of Youth in Railways: योजना सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिग्नल एवं दूरसंचार (एसएंडटी) विभागों के लिए लागू होगी। 

रेलवे में भी अब सेना की तरह ही तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की भर्ती को प्राथमिकता

रेलवे में भी अब सेना की तरह ही तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की भर्ती को प्राथमिकता

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

निशांत यादव, लखनऊ। रेलवे में भी अब सेना की तरह ही तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की भर्ती को प्राथमिकता दी जाएगी। रेलवे ने सेना की तरह अपने यहां भी तकनीकी प्रवेश योजना लागू कर दी है।

रेलवे बोर्ड ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) के पद पर भर्ती के लिए नई तकनीकी प्रवेश योजना (टेक्निकल एंट्री स्कीम-टीईएस) शुरू की है। इसके तहत 12वीं में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित की पढ़ाई करने वाले युवाओं को जेईई मेन की रैंक के आधार पर चयन प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा।

सभी चयनित अभ्यर्थियों को गुजरात के गति शक्ति विश्वविद्यालय वडोदरा में चार वर्ष का विशेष बीटेक पाठ्यक्रम कराया जाएगा। प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद उन्हें रेलवे में एसएसई पद पर नियुक्ति का अवसर मिलेगा। यह योजना सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिग्नल एवं दूरसंचार (एसएंडटी) विभागों के लिए लागू होगी। इसका उद्देश्य रेलवे की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष इंजीनियर तैयार करना है। रेलवे बोर्ड ने 20 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है।

इस योजना के तहत सीनियर सेक्शन इंजीनियरों का जेईई के प्राप्त अंकों के आधार पर चयन करके उनको गतिशक्ति विश्वविद्यालय में विशेष प्रशिक्षण देने के बाद ही प्रदर्शन के आधार पर तैनात किया जाएगा। चयनित आवेदकों को इंजीनियरिंग में चार वर्षीय बीई और बीटेक के समकक्ष डिग्री विश्वविद्यालय से प्रदान की जाएगी। इसके लिए एक बांड भी भराया जाएगा, शर्तों का पालन करने में विफल होने पर बांड राशि का भुगतान भी करना होगा।

रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे सहित देश के सभी जोनल मुख्यालयों और उत्पादन इकाइयों और क्षेत्रीय रेलवे भर्ती बोर्ड के अध्यक्षतों को पत्र भेज दिया है। रेलवे में सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियरिंग के विभागों में एसएसई के पद पर नियुक्ति के लिए तकनीकी प्रवेश योजना के तहत आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और जेईई की रैंक रखने वाले 17 वर्ष से 24 वर्ष की आयु वाले युवाओं का चयन सामान्य प्रवेश परीक्षा के माध्यम से गति शक्ति विश्वविद्यालय के लिए होगा।

शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदकों का चयन वर्ष 2027 में उम्मीदवार के प्राप्त दो जेईई (मेन ) के स्कोर/रैंक में से बेहतर वाले पर विचार किया जाएगा। तकनीकी प्रवेश परीक्षा में भर्ती की संख्या एसएसई कैडर के रिक्त पदों के पांच प्रतिशत या विश्वविद्यालय की प्रशिक्षण क्षमता, जो भी कम हो, उसके अनुसार तय की जाएगी।

पात्र युवाओं को आरआरबी की अधिसूचना के आधार पर आनलाइन आवेदन करना होगा। उनकी छंटाई जेईई के 90वें पर्सेंटाइल रैंक तक या अधिसूचना में अधिसूचित सभी स्लाट की संख्या के 15 गुना तक, जो भी कम हो, उस आधार पर की जाएगी। कैडर, पद और जोनल रेलवे व उत्पादन इकाई का आवंटन गति शक्ति विश्वविद्यालय में विशेष पाठ्यक्रम में प्रदर्शन और उम्मीदवार की वरीयताओं के आधार पर होगा।

इन उम्मीदवारों को अप्रेंटिस के रूप में भर्ती कर निर्धारित प्रारंभिक रेलवे प्रशिक्षण के लिए रेलवे प्रशिक्षण संस्थानों में 12 महीने की अवधि के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण संस्थानों में इस प्रारंभिक प्रशिक्षण की अवधि के दौरान इन उम्मीदवारों को मासिक मानदेय भी मिलेगा।

यह भी पढ़ें- रेलवे में तीन माह से नियुक्ति का इंतजार कर रहे 75 अभ्यर्थी, मालगाड़ियां बिना मैनेजर के दौड़ने को मजबूर

यह भी पढ़ें- त्योहार बीतने के बाद भी रेलवे ने चलाईं तीन स्पेशल ट्रेनें, गोंडा में भी होगा ठहराव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।