सपा के चुनावी वादों के पूरा हाेने में हर साल 800000000000 का खर्च, बेटियों को सोना देने का वादा सबसे महंगा
समाजवादी पार्टी के चुनावी वादों को पूरा करने में सालाना 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आने का अनुमान है, जिसमें बेटियों को 10 ग्राम सोना देने का वादा सबसे बड़ा वित्तीय बोझ है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
सपा के चुनावी वादों पर 80 हजार करोड़ सालाना खर्च अनुमानित।
बेटियों को 10 ग्राम सोना देने का वादा सबसे खर्चीला।
पार्टी ने खर्च के लिए धन व्यवस्था का दावा किया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए जारी अपने पीडीए प्रणपत्र में महिलाओं, बेटियों, युवाओं और किसानों को केंद्र में रखकर वादों का बड़ा पिटारा खोला है।
बेटी के जन्म पर 10 ग्राम सोना, महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, बेरोजगार स्नातकों को पांच हजार रुपये मासिक भत्ता और विद्यार्थियों को लैपटॉप, जैसी घोषणाएं राजनीतिक रूप से आकर्षक हैं, लेकिन इन्हें पूरा करने की वित्तीय चुनौती भी कम नहीं है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि इन वादों को पूरा करने के लिए 80 हजार करोड़ रुपये सालाना से अधिक का खर्च आएगा। सपा की ओर से भी लगभग यही अनुमान जताया गया है, हालांकि, इसके साथ यह दावा भी किया गया है कि इस खर्च के लिए धन की व्यवस्था का गणित लगाकर रखा गया है।
10 ग्राम सोना देने पर 30 हजार करोड़ रुपये का बोझ
सपा के घोषणापत्र में सबसे चर्चित वादा बेटियों को 10 ग्राम सोना देने का है। एक अनुमान के अनुसार प्रदेश में बेटियों के जन्म के सालाना आंकड़ों के हिसाब से सोना देने पर 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक बोझ पड़ेगा, हालांकि इसे गरीब परिवारों तक सीमित रखने की सूरत में खर्च 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक रह जाएगा।
वहीं, बेरोजगारों को भत्ता देने पर लगभग 19 हजार करोड़ रुपये सालाना और 20 लाख लैपटॉप देने पर तीन से आठ हजार करोड़ रुपये के बीच में खर्च का अनुमान है। मुफ्त बिजली को लेकर भी 47 हजार करोड़ रुपये के आसपास सालाना खर्च बताया जा रहा है।
पेंशन पर साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च
महिला पेंशनर्स को सालाना 40 हजार रुपये देने पर मौजूदा भुगतान से अतिरिक्त नौ हजार करोड़ रुपये का बोझ पड़ने की भी बात कही जा रही है। दूसरी तरफ पुरानी पेंशन बहाली पर साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च होने का भी अनुमान जताया जा रहा है।
घोषणापत्र बनाने में भूमिका निभाने वाले पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन ने भी अपने बयान में लगभग इतने ही खर्च का आकलन रखा है। उन्होंने कहा है कि घोषणाओं के हिसाब से उनके खर्च और धनराशि की व्यवस्था कैसे की जाएगी, इसकी पूरी रूपरेखा तैयार की गई है।
इसमें से आधे से अधिक की राशि के लिए संबंधित स्रोत भी खोज लिए गए हैं। उन्होंने सोना देने संबंधी वादे पर संकेत दिए हैं कि सीधे सोना दिए जाने के स्थान पर बेटी के नाम इतनी धनराशि जमा की जाएगी, जिससे 18 वर्ष की आयु तक पहुंचने पर 10 ग्राम सोना खरीदा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।