Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ऑपरेशन इंद्र में रूस और भारत के जवानों ने दिखाया दमखम

    By Anurag GuptaEdited By:
    Updated: Tue, 27 Nov 2018 07:45 AM (IST)

    ऑपरेशन इंद्र 2018 : बबीना रेंज में चल रहा संयुक्त युद्धाभ्यास, टी 90 टैंक की बमबारी से गूंजा। रूसी सेना भारतीय जांबाजों के साथ आतंकियों से लडऩे के कौशल से हो रही रूबरू।

    ऑपरेशन इंद्र में रूस और भारत के जवानों ने दिखाया दमखम

    बबीना, (निशांत यादव)। एक तरफ भारत माता की जय का उद्घोष करते भारतीय सेना के जांबाज थे तो दूसरी तरफ रूसी सेना के जवानों का जुनून। जिस टी 90 टैंक का लोहा दुनिया मान चुकी है, वे टैंक रविवार को बबीना फायरिंग रेंज में खूब गरजे। रूस के साथ चल रहे संयुक्त युद्धाभ्यास ऑपरेशन इंद्र 2018 में रूस और भारत की सेना ने दमखम दिखाया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ऑपरेशन इंद्र में पहली बार भारत की मैकेनाइज्ड इंफेंट्री हिस्सा ले रही है। ऑपरेशन इंद्र में रूस की सेना भारतीय सेना की आतंकी गतिविधि और सैन्य ऑपरेशन के साथ युद्ध लडऩे के कौशल से रूबरू हो रही है। झांसी की व्हाइट टाइगर डिवीजन इस ऑपरेशन को आयोजित कर रही है। इसमें रूस की 5 आर्मी और भारत की 5 मैकेनाइज्ड इंफेंट्री के जवान हिस्सा ले रहे हैं। भारत और रूस के 250-250 जवान इसमें शामिल हैं। बबीना में रूस के जवान भारतीय सेना के टी 90 टैंक, बीएमपी और बोफोर्स के साथ अभ्यास कर रहे हैं।

    रविवार को टी 90 टैंक से भारतीय सेना ने सटीक निशाना लगाकर लक्ष्य को भेद दिया। उनके साथ कॉम्बैट व्हीकल बीएमपी ने भी फायरिंग की। यूएन मिशन में बीएमपी के भीतर जवान अपने लक्ष्य के करीब पहुंचकर दुश्मन को नेस्तनाबूद करते हैं। रूस ने ही भारत को टी 90 और बीएमपी दिए हैं। भारत की ओर से 31 आम्र्ड के जीओसी मेजर जनरल पीएस मिन्हास और रूस की ओर से उनके समकक्ष की निगरानी में दोनों सेनाएं अभ्यास कर रही हैं।

    इस दौरान हाउस क्लीयरेंस (किसी घर में आतंकियों के घुसे होने पर उनको मार गिराने) में दोनों सेना के जवानों ने अपनी कार्रवाई को अंजाम दिया। इससे पहले हेलीकॉप्टर से 10 पैराट्रूपर को रेंज में उतारा गया। वो एक बिल्डिंग पर चढ़े और नीचे की ओर जंप लगा दी। नीचे घर में घुसते ही उन्होंने एक के बाद एक आतंकियों को मारने की कार्रवाई को अंजाम दिया।

    सबसे अलग दुनिया की सबसे बड़ी एक्सरसाइज

    भारत और रूस की सेनाओं के बीच हो रहा ये अभ्यास अलग है। रूसी सेना के जवानों को इंग्लिश नहीं आती। वो केवल रसियन भाषा ही बोलेते और समझते हैं। लेकिन, भारत और रूस की सेना के बीच संवाद बनाने के लिए दोनों सेनाओं के पास वह जवान और अफसर हैं, जो अनुवादक का काम करते हैं। इससे भारतीयों को जहां रूसी भाषा की जानकारी हो रही है, वहीं रूसी सेना के पास हिंदी बोलने वाले अधिकारी भी हैं। रूसी जवान वैसे तो स्पोर्ट में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं, लेकिन बबीना में वे सुबह उठकर योग भी करते हैं।

    इसलिये चुना मैकेनाइज्ड इंफेंट्री को

    ये इंफेंट्री भारत के हाई एल्टीट्यूड एरिया में तैनात है। इसको इंफेंट्री और आर्म्‍ड को मिलाकर बनाया गया है। मैकेनाइज्ड इंफेंट्री का उद्घोष साहस या विश्वास है। इसने अब तक पंजाब और जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक, कारगिल में ऑपरेशन विजय, श्रीलंका के ऑपरेशन पवन के साथ यूएन मिशन में हिस्सा लिया है। इसको किंग ऑफ बैटल भी कहा जाता है।

    टैंकथान में जलवा बिखेरेगा टी 90

    अगले साल होने वाले टैंकथान में बबीना में अभ्यास कर रही 42 आर्म्‍ड हिस्सा लेगी। पिछली बार टी 90 ने ही जलवा बिखेरा था और भारत दूसरे देश का हथियार इस्तेमाल करते हुए भी विजेता बना था। इस प्रतियोगिता में 23 देशों ने हिस्सा लिया था। अगले साल होने वाले इस आयोजन की तैयारी बबीना में शुरू हो गई है। आम्र्ड की सभी 65 रेजिमेंट से उनके नंबर वन जवानों का ब्योरा तैयार किया जा रहा है। फरवरी में चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद मार्च से अभ्यास शुरू हो जाएगा। कुल 65 जवानों में से अंतिम 12 का चयन होगा। कुल 45 टी 90 टैंक का ट्रायल होगा, जिनमें से चार टी 90 टैंक वहां जाएंगे। वहां 48 किलोमीटर के रिले के दौरान फायरिंग सहित कई इवेंट होंगे।