विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 28, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ramzan 2025: नजर नहीं आया रमजान का चांद, अब इस तारीख को होगा पहला रोजा; हेल्पलाइन नंबर भी जारी

Published: Fri, 28 Feb 2025 08:57 PM (IST)

Ramzan 2025 रमजान का चांद नहीं दिखने के कारण रमजान की पहली तारीख दो मार्च को होगी। इमाम ईदगाह मौलाना ...और पढ़ें

दो मार्च से शुरू होगा माह-ए-रमजान - जागरण ग्राफिक्स
दो मार्च से शुरू होगा माह-ए-रमजान - जागरण ग्राफिक्स

HighLights

  1. नहीं दिखा चांद, कल से शुरू होगा रमजान का महीना

जागरण संवाददाता, लखनऊ। माह-ए-रमजान का चांद शुक्रवार को नहीं दिखाई दिया। ऐसे में रमजान की पहली तारीख दो मार्च को है। इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने बताया कि शुक्रवार को रमजान का चांद नहीं दिखा। रविवार से हेल्पलाइन दोपहर दो बजे से चार बजे तक काम करेगी।

हेल्पलाइन नंबरों 9415023970, 9415102947 व 9335929670 पर फोन किया जा सकता है। महिलाओं के लिए अलग से नमाज पढ़ने का इंतजाम किया गया है। शिया धर्मगुरु मौलाना सैयद सैफ अब्बास नकवी ने भी बताया कि चांद नहीं दिखाई दिया।

दो मार्च से शिया हेल्पलाइन के माध्यम से सुबह 10 से 12 बजे तक मोबाइल नंबर 9415580936, 9839097407 पर संपर्क किया जा सकता है। महिलाओं के लिए एक विशेष हेल्पलाइन स्थापित की गई है। महिलाएं मोबाइल नंबर 6386897124 पर संपर्क करें।

28 मार्च को अलविदा की नमाज

आल इंडिया मुस्लिम महिला पर्सनल ला बोर्ड की अध्यक्ष शाइस्ता अंबर ने कहा कि बुराइयों को छोड़ अच्छाइयों को जीवन का हिस्सा बनाने का माह-ए-रमजान दो से शुरू होगा। सभी को हर दिन कम से कम एक बुराई को छोड़ने का संकल्प लेना चाहिए। काजी-ए-शहर मौलाना मुफ्ती अबुल इरफान मियां फरंगी महली ने कहा कि 28 मार्च को अलविदा की नमाज होगी। बाजारों में भी शनिवार से रौनक शुरू हो जाएगी।

रमजान के चलते बाजार गुलजार

रमजान के चलते बाजार गुलजार हो गए हैं। बाजार में सहालग की खरीदारी कम होने के कारण ग्राहकों की भीड़ कम हो रही थी, लेकिन अब फिर से शुरू हो गई है। राजधानी में ड्राई फ्रूट, फल के दामों में बहुत ज्यादा तेजी तो नहीं है, लेकिन दो मार्च से शुरू हो रहे रमजान के कारण फलों के दामों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।

वहीं कपड़े, कास्टमेटिक, सैंडल, जूते के शोरूम में ग्राहकों की भीड़ देखी जा सकती है। अमीनाबाद, आलमबाग, पत्रकारपुरम, भूतनाथ, आशियाना, तेलीबाग, सदर, पुराने लखनऊ में रौनक पिछले दो दिनों से बढ़ गई है। कपड़े लेकर सिलवाने वाले लोग खरीदारी कर रहे हैं, क्योंकि होली में समय से कपड़े मिल सके।

मार्च माह में दोनों त्योहार (होली और ईद) पड़ने से व्यापारी भी उत्साहित हैं। माह के मध्य में जहां होली पड़ रही है, वहीं 31 मार्च को ईद है। उत्तर प्रदेश कपड़ा उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष अशोक मोतियानी बताते हैं कि होली में कलरफुल कपड़ों की मांग बहुत रहेगी।

ईद में पठानी सूट व कुर्ते पायजामा की बिक्री ज्यादा होती है। होली में पेंट-शर्ट के कपड़ों की मांग रहती है। उनके मुताबिक रमजान शुरू होते ही 40 प्रतिशत लोग खरीदारी कर लेते हैं और कपड़े सिलने के लिए दे देते हैं। इसके पीछे कारण यह होता है कि रोजे के दौरान उन्हें निकलना न पड़े।

गणेशगंज में कपड़ा व्यापारी अशोक मोतियानी कपड़ों की खरीद पर उपहार भी दे रहे हैं। वहीं, लखनऊ भूतनाथ व्यापार मंडल के सलाहकार व कपड़ा व्यापारी उत्तम कपूर ने बताया कि होली व रमजान को लेकर खरीदारी शुरू हो गई है।

स्टाक भी उसी हिसाब से रखा गया है। फल व पापड़, चिपस, नमकीन के बाजार भी सजने लगे फलों में खजूर, केले, सेब, संतरे, अंगूर की मांग रविवार से बढ़नी तय है। वर्तमान में संतरा व अंगूर 100 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। इसी तरह केला 50 से 60 रुपये प्रति दर्जन है। सेब के दामों में थोड़ा उछाल आया है।

सेब के दाम सवा सौ से दो सौ रुपये किलो तक है। वहीं पापड़, चिपस, नमकीन की मांग भी बढ़ गई है। इसी तरह सब्जियों के दामों में भी तेजी आनी शुरू हो गई है। जो हरी मटर सौ रुपये में चार किलो थी, वह सौ रुपये में तीन किलो हो गई है। वहीं आलू सौ रुपये में पांच से चार किलो हो गया है। माना जा रहा है कि होली के नजदीक आते ही आलू के के दाम भी बढ़ जाएंगे।

ये भी पढ़ें - 

विधानसभा में 10 मिनट के भाषण में क्या-क्या बोले शिवपाल यादव? शायराना अंदाज में कहा- फिर होगा 'उनका' नाम