राम के त्याग और लोकमानस के भाव ने अयोध्या को बनाया 'श्री अयोध्या जी', यतीन्द्र मिश्र और आनंद नीलकंठन ने रखे विचार
लखनऊ में जागरण संवादी के 'साहित्य में रामकथा' सत्र में यतीन्द्र मिश्र और आनंद नीलकंठन ने राम के त्याग और लोकमानस के भाव पर विचार रखे।

रामकथा में चर्चा करते लेखक आनंद नीलकंठन साथ में कवि और लेखक यतींद्र मिश्र व राज्य संपादक दैनिक जागरण आशुतोष शुक्ल।
HighLights
यतीन्द्र मिश्र ने अयोध्या को 'श्री अयोध्या जी' कहने का कारण बताया।
बालक राम की प्रतिमा के आभूषणों का विस्तृत विवरण दिया गया।
आनंद नीलकंठन ने दक्षिण में राम की लोकप्रियता समझाई।
पवन तिवारी, लखनऊ। हरि अनंत हरिकथा अनंता, कहहिं सुनहिं बहु विधि सब संता...। सिर्फ संत ही नहीं, भक्त भी बहुविधि सुनते, समझते और मानते और पूजते हैं अपने राम को। उत्तर हो या दक्षिण। पूरब हो या हो पश्चिम। राम एक हैं। उनके भाव पृथक हैं। कहीं बालक राम हैं। कहीं लोक के राम हैं तो कहीं राजा हैं राम। उनके प्रति आम जनमानस के शुद्ध अंत:करण ने अयोध्या जी को श्री विभूषित किया।
संवादी का दूसरा दिवस और तीसरा सत्र था-साहित्य में रामकथा। लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में इस सत्र से पूर्व राजनीति दलों के प्रवक्ताओं के समागम में बहस और तीखे विमर्श का शोर थमा ही था।
वक्ता के रूप में उपस्थित कवि, लेखक और कला समीक्षक यतीन्द्र मिश्र के स्वागतोपरांत सत्र को प्रवाह देते हुए दैनिक जागरण के राज्य संपादक आशुतोष शुक्ल कहते हैं, ‘इतनी गर्मागर्मी हल्लागुल्ला। जोर का शोर हुआ। यही है राजनीति। साहित्य दूसरे स्वर में चलता है। समझने वाले, पढ़ने वाले कम होते हैं लेकिन गहरे होते हैं।’
विमर्श का सूत्रपात करते हुए वह यतीन्द्र मिश्र से प्रश्न करते हैं-आप अयोध्या से आते हैं। तमाम शहर किसी का नाम लेते हुए कोई आगे श्री और पीछे जी नहीं लगाता। पुराने लोग कहते हैं कि अयोध्या जी जा रहे हैं। ऐसा क्यों है?
राजनीति को तिलांजलि देकर हुआ राम का वनवास
यतीन्द्र आंखें मूंदकर क्षण भर गहरी श्वास खींच कहते हैं,‘ मैं बहुत सौभाग्य शाली हूं। लवि का छात्र हूं। बड़ी कलात्मक बात है कि राजनीति के शोर के बाद एकदम शांति में राम जी की चर्चा होती है। राजनीति को तिलांजलि देकर राम का वनवास हुआ। राम ने त्याग चुना। 14 वर्ष के लिए वन को चले गए। जिनने संघर्ष किया, सत्ता छोड़ी, लाभ, लोभ, प्रपंच छोड़ा उन राम की नगरी के लिए सम्मान का भाव भारतीय जनमानस के शुद्ध अंत:करण का भाव है।
मेरे घर लोग आते हैं दर्शन के लिए। वे चाय पीने को राजी नहीं होते, भोजन के लिए कहते हैं कि दर्शन करके आएं तब। वे रामलला को अहोभाव से देखते हैं। लोक के इसी भाव ने ही तो अयोध्या को श्री से विभूषित करते हुए श्री अयोध्या जी बनाया।’
आशुतोष शुक्ल अब अयोध्या के नव्य-भव्य प्रासाद में विराजे बालक राम के अनुपम शृंगार को लेकर जिज्ञासु होते हैं। वे श्रोतावृंद को यह बताना नहीं भूलते कि प्राण प्रतिष्ठा के समय राम की प्रतिमा के आभूषणों के चयन का गुरुतर दायित्व यतीन्द्र मिश्र के पास था।
मिश्र पूरी प्रक्रिया विस्तार से बताते हैं, लेकिन कथ्य के आरंभ में दिवंगत पिता विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र का स्मरण कर पल भर को भावुक हो उठते हैं। कहते हैं, ‘इहलोक त्यागने से पहले उन्होंने मुझसे एक वचन मांगा। कहा बेटा तुम त्याग करना। तुम भगवान राम के शहर में रह रहे हो। उन्होंने त्याग किया था। तुमको जहां भी त्याग करना पड़े कर देना।’
190 कलाकार डिजाइन करते रहे आभूषण
बालक राम के आभूषणों का विवरण देते हुए उद्घाटित करते हैं कि सूर्य का प्रतीक है-माणिक। पंच पुष्पों के हार। कदंब की माला ली ली गई। तुलसी की मंजरियों से सजाया गया। भगवान के बालरूप के आगे खिलौने लाए गए। 190 कलाकार डिजाइन करते रहे। संत और ट्रस्ट के वरिष्ठजन परखते। वह बताते हैं कि 80 पेज का हिंदी-अंग्रेजी का पाठ्य है आभूषण के विवरण का।
बीच सत्र में केरल से आए साहित्य और पटकथा लेखक आनंद नीलकंठन का स्वागत करते हुए यतीन्द्र मिश्र चुहल करते हैं-कटप्पा को किसने मारा- यह बात नीलकंठन ने अपनी पत्नी को भी नहीं बताई। उनको भय था कि कहीं वह फैमिली ग्रुप में डालकर इस रहस्य को समय से पहले न उजागर कर दें। यहां आपको ध्यान दिला दें कि आनंद नीलकंठन ने बाहुबली फिल्म की पटकथा लिखी है।
वार्ता के क्रम में आनंद नीलकंठन राम के वैविध्यपूर्ण रूप-स्वरूप, मान्यता और लोकोक्तियों के संदर्भ में सर्वमान्य मानते हैं। वह कहते हैं कि राम एक तत्व हैं। भक्ति का भाव। वाल्मीकि रामायण सबसे अधिक तार्किक है। भक्तिभाव से देखें तो लाजिक यानी तार्किकता से नहीं लोकमान्यता ही सर्वोपरि है। भक्ति एक दर्शन है। भक्ति में कोई लाजिक नहीं है। हमारी संस्कृति में ही यह स्वतंत्रता है।
नायक और प्रतिनायक, लोक और शास्त्रीय संदर्भ में राम की चर्चा के बीच यतीन्द्र अवध का एक लोकगीत उद्धृत करते हैं- रघुबर संग जाब हम न अवध मा रहिबै। सोहर जैसे गीतों में आता है-मचिया पै बइठीं कौसिल्या रानी। लोक उनको मचिया देता है। सिंहासन नहीं। यही लोक के राम हैं।
आशुतोष शुक्ल के प्रश्न कि आनंद जी आप केरल से आते हैं। वहां पर राम को कैसे देखा जा रहा है? लोक, भक्ति या राजनीति। आनंद नीलकंठन का सुस्पष्ट उत्तर आता है-राजनीति लेखन तो हर जगह होता है। प्रोपेगैंडा साहित्य हर जगह है। कई भ्रांतियां फैलती हैं। एक भ्रांति यह भी है कि साउथ में राम को नहीं मानते।
केरल में हर परिवार प्रतिमाह रामायण का पाठ अनिवार्य रूप से करता है। रामायण उत्तर से लेकर दक्षिण तक एकसमान लोकप्रिय है। दक्षिण में कई स्थानों की आर्थिकी राम मंदिर से जुड़ी है। सत्र समापन के पूर्व आशुतोष शुक्ल एक और जिज्ञासा रखते हैं-आज के दौर में एक ही मंच पर तुलसी और वाल्मीकि दोनों हों तो किस बात पर बहस होगी? यतीन्द्र मर्यादित उत्तर देते हैं- तुलसी आदिकवि के पैर छुएंगे और वे यानी वाल्मीकि तुलसी को गले लगाकर कहेंगे कि तुलसी आपने राम को भगवान बनाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।