Jagran Samvadi: अजहर इकबाल, डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र और अनामिका अंबर की रचनाओं ने बांधा समां; तालियों से गूंजा सभागार
दैनिक जागरण के संवादी द्वारा लखनऊ में आयोजित कवि गोष्ठी में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

काव्य गोष्ठी में का रचना का पाठ करतीं अनामिका अंबर और मंचासीन अजहर इकबाल, सर्वेश तिवारी बुद्धिनाथ मिश्र, जगदीप शुक्ल। (जागरण)
HighLights
दैनिक जागरण संवादी ने लखनऊ में यादगार कवि गोष्ठी का आयोजन किया।
वरिष्ठ गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने इसे सर्वश्रेष्ठ गोष्ठी बताया।
कवियों ने प्रेम, देशप्रेम और प्रेरणा पर अपनी रचनाएं सुनाईं।
आनंद त्रिपाठी, लखनऊ। जब शब्दों में एहसास घुले, शायरी में जिंदगी के रंग उतरें और गीतों की धुन पर तालियां गूंज उठे तो साहित्य की महफिल यादगार बन जाती है।
कुछ ऐसा ही दृश्य दैनिक जागरण की ओर से मालवीय सभागार में आयोजित संवादी की कवि गोष्ठी में देखने को मिला।
यहां कविताओं, गीतों और तरानों ने श्रोताओं को भावनाओं के अलग-अलग रंगों से परिचित कराया। कभी प्रेम और इंसानियत की बात हुई तो कभी देशप्रेम का जज्बा शब्दों में उभरा।
रचनाओं पर मिलती तालियां, बार-बार सुनाने की गुजारिश और जिंदाबाद के नारों ने माहौल में ऊर्जा भर दी।
मन को युवा मानकर संचालक कवि अजहर इकबाल की इन पंक्तियों को सुनिए। शब्द-शब्द कानों में रस घोलने के लिए काफी हैं।
बात बनाओ, बात बनाती अच्छी लगती हो,
खाओ झूठी कसमें, खाती अच्छी लगती हो।
सिगरेट बस यूं पीता हूं, तुम मना करो मुझको,
तुम समझाओ, तुम समझाती अच्छी लगती हो।
10 सालों में देखी गई सर्वश्रेष्ठ कवि गोष्ठी
आयोजन की उत्कृष्टता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने इसे पिछले 10 वर्षों में देखी गई सर्वश्रेष्ठ कवि गोष्ठी बताई।
सबसे पहले गोपालगंज के सर्वेश तिवारी ने ‘कैसे कह दूं गद्दारों ने तोड़ा था, मेरा घर मेरे यारों ने तोड़ा था’ पंक्तियों से शुरुआत की तो सभागार का हर कोना तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
अगली पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने धर्म की शिक्षा दी। पढ़ा कि ‘जीवन में रामत्व उतारो यही धर्म है, हर बालि को छिपकर मारो यही धर्म है।’ उन्होंने ‘कुछ की इच्छा रखने वाले सचमुच कुछ पा जाते हैं’ और ‘प्रेम हमारा मूल धर्म है, दुनिया भर को बांटेंगे’ जैसी पंक्तियों से काव्यपाठ के लिए माहौल तैयार किया।
युवा कवि रामायणधर द्विवेदी ने ‘दर्द की थपकियों से सोता हूं, चैन की सलवटें जगाती हैं। राह आरामगाह हैं मेरी, बस मंजिलें थकाती हैं’ सुनाकर युवाओं में प्रेरणा के भाव भरे।
गीत ‘भीत खड़ी करनी छोड़ो अब राहों के पाषाणों से, पथ पाहन चुनकर सागर पर सेतु बना डालो’ के माध्यम से ऊर्जा को नई ऊंचाइयां दीं। उन्होंने मुहावरों को पिरोकर लयबद्ध गीत ‘अंधियारे में तीर चलाना, कठिन लगन से आंख चुराना’ सुनाकर पथप्रदर्शक की भूमिका भी निभाई।
वीर रस के कवि जगदीप शुक्ल अंचल ने ‘निकलना और फिर ढलना महज काफी नहीं होता, किसी की गोद में पलना काफी नहीं होता’ पंक्तियों से युवाओं के रक्त में जोश भर दिया। इसके बाद उन्होंने ‘मैंने भी कुछ गीत लिखे हैं समता के विचारों पर’ और ‘शिक्षा के मंदिर में अब देश विरोधी नारे हैं’ जैसी पंक्तियों के माध्यम से युवाओं को जगाया।
महफिल की जान गीतकार डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र ने जब अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं तो श्रोता जहां थे, वहीं थमकर उनकी लय में बंध गए। पहली पंक्ति ‘हाय क्या रूप तुम्हें दिया राम ने, जिसने देखा लगा दिल थामने’ से उन्होंने युवाओं के मन को टटोला।
आगे ‘जिसे चाहा नहीं तुमने कभी, वह चैन पाया क्या, ये सांसें तेज चलती हैं कि दिल चुराया क्या’ गीत से ढलती शाम में उत्साह का नया सवेरा कर दिया। ‘मैंने जीवन भर वैराग्य जिया है सच है, लेकिन तुमसे प्यार किया है सच है’ पंक्तियों से आगे से पीछे तक बैठे लोगों के दिलों को धड़कने पर विवश कर दिया। उनकी अंतिम पंक्तियां ऐसी थीं, जिन्हें हर किसी को अपने साथ रखना चाहिए।
आदमी गुम जाएगा उसका पता रह जाएगा,
और नदी के तीर पर जलता दिया रह जाएगा।
आज तक हमने कहा जो भूल जाएंगे सभी,
याद दुनिया को हमारा अनकहा रह जाएगा।
अनामिका ने युवाओं को अंबर पर पहुंचाया
कवयित्री अनामिका अंबर जब गीत गाने के लिए आईं तो उनसे पहले ही उनके गीत लोगों की जुबान पर थे। शुरुआत उन्होंने अपनी चिर-परिचित पंक्तियों ‘कि दरिया के भीतर भी समंदर जाग उठता है, मिले सम्मान हीरे का तो पत्थर जाग उठता है’ से की।
बीच-बीच में उनके कटाक्ष और व्यंग्य लोगों को हंसाते रहे। इसके बाद उन्होंने ‘झेलम, रावी या सतलज हो, सबसे में नीर हमारा है, तरकश बेशक तेरा हो पर हर एक तीर हमारा है’ और ‘जो कानों तक नहीं पहुंचे, वही अल्फाज न बनना’ जैसी रचनाओं से काव्य प्रेमियों का उत्साह आकाश पर पहुंचा दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।