विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jagran Samvadi: 'कहानियां लेखक को चुनती हैं, बस उन्हें पूरा लिखने का साहस होना चाहिए', लेखकों ने साझा किया अनुभव

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:16 PM (IST)

लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित संवादी सत्र में लेखकों प्रशांत कश्यप और अपरा कुच्छल ने अपनी पहली किताबों के लेखन के अनुभव साझा किए।

संवादी में चर्चा करतीं लेखिका अपरा कुच्छल साथ में उपन्यासकार प्रशांत कश्यप व लेखिका उपासना सिंह। फोटो जागरण

संवादी में चर्चा करतीं लेखिका अपरा कुच्छल साथ में उपन्यासकार प्रशांत कश्यप व लेखिका उपासना सिंह। फोटो जागरण

HighLights

  1. कहानियां लेखक को चुनती हैं, बस साहस चाहिए।

  2. लेखन में आत्मसंदेह, शोध, भावनात्मक जुड़ाव महत्वपूर्ण चुनौतियां।

  3. किताबें सोचने-समझने का अवसर देती हैं, रील्स नहीं।

आनन्द त्रिपाठी, लखनऊ। कोई कहानी सिर्फ कल्पना से नहीं बनती, कई बार वह लेखक के भीतर जन्म लेती है और तब तक उसका पीछा नहीं छोड़ती, जब तक उसे शब्दों में ढाल न दिया जाए। कहानी का चुनाव लेखक नहीं करता, बल्कि कहानियां लेखक को चुनती हैं। जरूरत बस इतनी है कि लेखक अपने भीतर उठने वाली आवाज पर भरोसा करे और उसे पूरा करने का साहस जुटाए।

लेखन के इस यात्रा में आत्मसंदेह, शोध, भावनात्मक जुड़ाव और तथ्यों की प्रमाणिकता जैसी चुनौतियां भी सामने आती हैं। शुक्रवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित संवादी के साहित्य के नवांकुर सत्र में लेखकों ने कुछ ऐसे ही अनुभव साझा किए।

सत्र में उपन्यासकार प्रशांत कश्यप और लेखिका अपरा कुच्छल ने अपनी पहली किताबों के लेखन से लेकर प्रकाशन तक के सफर के कई दिलचस्प पहलुओं पर बात की। उनसे उपासना सिंह ने संवाद किया।

दोनों लेखकों ने बताया कि किसी किताब को पूरा करना केवल लिखने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि अपने विचारों, सवालों और भावनाओं के साथ लंबे समय तक बने रहने का भी अनुभव है। प्रशांत कश्यप ने अपनी किताब ‘इमोशनली योर्स’ के बारे में बताया कि इसे पूरा करने में करीब दो साल लगे।

कहानी के प्रति लगाव से लिखने की रुचि

इस दौरान कई बार मन में सवाल उठता था कि आखिर वह क्यों लिख रहे हैं और उनकी किताब को पढ़ेगा कौन? किरदारों के साथ लंबे समय तक रहना और कहानी के ऐतिहासिक संदर्भों को समझने के लिए लगातार अध्ययन करना भी चुनौतीपूर्ण रहा। कई बार लिखते हुए आत्मसंदेह हुआ, लेकिन कहानी के प्रति लगाव उन्हें फिर लिखने की ओर खींच लाता था।

प्रशांत ने बताया कि ‘इमोशनली योर्स’ में इतिहास की महत्वपूर्ण भूमिका है। कहानी का मुख्य किरदार विन्सी वर्ष 1954 में पैदा होता है और कोविड काल तक का सफर तय करता है। ऐसे में उसके जीवन को उस समय की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों से अलग करके नहीं देखा जा सकता। वह केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं लिख रहे थे, बल्कि उसके जीवन के माध्यम से बदलते दौर के समाज और परिस्थितियों को भी दर्ज करना चाहते थे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किताब में समलैंगिकता और पारिवारिक संबंधों को किसी आंदोलन या अधिकारों की मांग के रूप में प्रस्तुत करना उद्देश्य नहीं था। समाज और रिश्तों को व्यापक और सहज नजरिए से समझना जरूरी है।

लेखिका अपरा कुच्छल ने ट्रांसमैन बाडी बिल्डिंग चैंपियन आर्यन पाशा की जीवनी लिखने के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पहली किताब लिखने का उत्साह जरूर था, लेकिन मन में कई तरह के संदेह भी थे।

मित्र के प्रोत्साहन पर दोबारा शुरू किया था लेखन

आर्यन की भावनात्मक यात्रा से वह इस कदर जुड़ गई थीं कि एक समय ऐसा आया, जब उन्होंने लिखना ही छोड़ दिया। बाद में हार्पर से जुड़ी एक मित्र के प्रोत्साहन पर उन्होंने दोबारा लेखन शुरू किया। मित्र ने समझाया कि एक ट्रांसमैन के लड़की से पुरुष बनने और फिर बाडी बिल्डिंग चैंपियन के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने का संघर्ष सामने आना चाहिए।

अपरा ने बताया कि पानीपत में बचपन के दौरान किन्नर समुदाय के लोगों से उनका आत्मीय परिचय रहा था। नाना-नानी के घर इस समुदाय के लोगों का आना-जाना था। बाद में ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से मुलाकात और जयपुर के एक कार्यक्रम में आर्यन से परिचय ने उन्हें इस कहानी से जोड़ा।

शुरुआत में आर्यन पर एक छोटा लेख लिखने का विचार था, लेकिन उनके जीवन के अनुभव इतने व्यापक थे कि यह प्रयास पूरी किताब में बदल गया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की जीवनी लिखने में सबसे बड़ी चुनौती तथ्यों की प्रमाणिकता बनाए रखना है। इसके लिए आर्यन के पिता, सौतेली मां, शिक्षकों, दोस्तों और रिश्तेदारों से बातचीत कर घटनाओं की पुष्टि की गई।

एक ही घटना को अलग-अलग लोग अपने नजरिये से देखते और बताते हैं। ऐसे में सभी पक्षों को समझकर सही समयक्रम और तथ्यों के साथ कहानी प्रस्तुत करना जरूरी होता है। साथ ही व्यक्ति की निजता और समुदाय की भावनाओं का भी ध्यान रखना पड़ता है।

किताबें सोचने और समझने का देतीं अवसर

युवाओं को संदेश देते हुए अपरा ने कहा कि इंटरनेट मीडिया के दौर में लोग इंस्टाग्राम और फेसबुक पर दूसरों की सुंदरता, जीवनशैली और सुविधाओं से अपनी तुलना करने लगते हैं। इससे आत्महीनता की भावना पैदा होती है। इसके बजाय खुद को स्वीकार करना और दूसरों की कहानियों से प्रेरणा लेना चाहिए।

रील्स कुछ समय का आनंद देती हैं, जबकि किताबें लंबे समय तक सोचने और समझने का अवसर देती हैं। अंत में प्रशांत ने पहली बार लिखने की इच्छा रखने वालों से कहा कि यदि कोई कहानी भीतर लगातार दस्तक दे रही है तो उस पर भरोसा करना चाहिए। उसे अधूरा छोड़ने के बजाय पूरा करने का साहस जुटाना ही लेखक की सबसे बड़ी कसौटी है।

यह भी पढ़ें- Jagran Samvadi: 28 नवंबर को सितारों और दिग्गजों की महफिल, कीर्ति कुल्हारी से लेकर चित्रा त्रिपाठी तक रखेंगे अपनी बात

यह भी पढ़ें- संवादी छठां सत्र- OTT व सिनेमा की राह: टेलीविजन हाईस्कूल, फिल्में इंटरमीडिएट और ओटीटी ग्रेजुएशन सरीखा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।