विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संवादी छठां सत्र- OTT व सिनेमा की राह: टेलीविजन हाईस्कूल, फिल्में इंटरमीडिएट और ओटीटी ग्रेजुएशन सरीखा

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:00 PM (IST)

Lucknow Jagran Samvadi 2026: भिनेता राजेश कुमार ने स्कूली शिक्षा की तरह तीनों की कक्षाएं तय करते हुए कहा, टेलीविजन हाईस्कूल, फिल्में इंटरमीडिएट और ओटीटी ग्रेजुएशन सरीखा है। 

अभिनेता राजेश कुमार                        सत्र संचालक स्मिता श्रीवास्तव

अभिनेता राजेश कुमार सत्र संचालक स्मिता श्रीवास्तव

HighLights

  1. अभिनेता राजेश कुमार व दिब्येंदु भट्टाचार्य से स्मिता श्रीवास्तव ने किया संवाद

  2. किरदार लिखी लाइनों को पढ़ने से नहीं, उसे देखने वाले रिएक्शन से बनता है

धर्मेश अवस्थी, लखनऊ। मनोरंजन की त्रिवेणी घर से लेकर सिनेमाघर तक बह रही है। हर कोई अपनी रुचि के अनुसार उसे देख और सुन रहा है। अभिनेता राजेश कुमार ने स्कूली शिक्षा की तरह तीनों की कक्षाएं तय करते हुए कहा, टेलीविजन हाईस्कूल, फिल्में इंटरमीडिएट और ओटीटी ग्रेजुएशन सरीखा है। इनमें से किसी को आगे या पीछे रखना उचित नहीं है, बल्कि ये सभी लोगों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं।

दैनिक जागरण संवादी के मंच पर छठे सत्र में जब ओटीटी और सिनेमा की राह का संवाद शुरू हुआ तो तीनों प्लेटफार्म का सफरनामा विस्तार से बयां हुआ। सत्र संचालक स्मिता श्रीवास्तव ने अभिनेता से पूछा, आपका जीवन भी फिल्म जैसा है, टेलीविजन में धमाल मचाने के बाद फिल्म में पदार्पण और खेती करने के बाद ओटीटी ये सब कैसे हुआ।

साराभाई वर्सेस साराभाई में अभिनय का झंडा गाड़ने वाले राजेश बोले, लंबे समय तक टेलीविजन के लिए काम करने की वजह से ही फिल्मों से ओटीटी तक का सफर किया। एक समय ऐसा भी आया जब अभिनय से दूरी बनाकर खेती करने लगे यह दौर अपनी जड़ों की ओर लौटने जैसा रहा।

सभी को आर्गेनिक खेती करने की सलाह

राजेश ने सवाल किया, टमाटर कितने दिन में पैदा होता है क्या कोई बता सकता है। जवाब मिला एक सप्ताह, 15 दिन और एक महीने, यह सुनकर बोले, टमाटर पैदा होने में 90 दिन लगते हैं और 90 सेकंड में उसे फेंकने का निर्णय लिया जाता है। समझाया, इसीलिए कहता हूं कि सभी को आर्गेनिक खेती करना चाहिए तभी उन्हें सब्जी खरीदते समय मुफ्त में धनिया मांगने की कीमत पता चल सकेगी। खेती में रासायनिक खादों के प्रयोग से धरती की हालत लगातार खराब होती जा रही। खेती करने को छोटा काम नहीं मानना चाहिए और न ही सिर्फ धान व गेहूं की पैदावार करने पर निर्भर रहने की जरूरत है।

वेब सीरीज ढाई चाल को बताया पालिटिकल कालेज ड्रामा

अभिनेता ऋषि कपूर जैसे दिखने वाले राजेश की 27 नवंबर को ही लांच हुई वेब सीरीज ढाई चाल को पालिटिकल कालेज ड्रामा बताते हुए कहा, युवाओं को इसे देखना चाहिए क्योंकि अक्सर वो यूज हो जाते हैं। लखनऊ को फिल्मों की शूटिंग का सबसे बेहतर स्थल बताया।

सवाल हुआ कि वेब सीरीज मिर्जापुर में जिस तरह का उत्तर प्रदेश दिखाया गया है, आप उससे कितना सहमत हैं? राजेश बोले, प्रदेश में बहुत कुछ बदला है वेब सीरीज में जो दिखाया गया ऐसा पहले रहा होगा लेकिन वर्तमान में काफी कुछ बदल चुका है। एक सवाल के जवाब में कहा, साराभाई का आडिशन आठ घंटे तक दिया था। इसलिए अभिनय की इच्छा रखने वालों को इससे घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि किरदार लिखी लाइनों को पढ़ने से नहीं, उसे देखने वाले रिएक्शन से बनता है।

देव डी में चुन्नीलाल और ब्लैक फ्राइडे में येदा याकूब के अभिनय से चर्चा में आए दिब्येंदु भट्टाचार्य ने युवाओं को बताया, नेशनल स्कूल आफ ड्रामा ने उन्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। एक्टिंग उन्हें घर पर ही मिल गई थी, एनएसडी ने उन्हें तकनीक सिखाया।

कोई चुनौती नहीं मिली, बल्कि एक बढ़िया यात्रा की

अब तक के सफर को याद करते हुए कहा, उन्हें कोई चुनौती नहीं मिली, बल्कि एक बढ़िया यात्रा किया है। लगातार काम करता आया हूं, क्योंकि ना कहना मेरी जुबान ने सीखा ही नहीं। जब काम नहीं होता तो किताब पढ़कर किचन में खाना बनाता हूं। इस दौरान भावी किरदार की मन में रूपरेखा बनाता हूं। यदि उन्हें दोबारा मौका मिले तो महारानी वेब सीरीज में काम करना चाहेंगे क्योंकि वहां उन्हें घर जैसा माहौल मिला।

यह भी पढ़ें- लखनऊ जागरण संवादी के मंच पर सलमान खान बोले, बड़ी ही स्पेशल फिल्म है, मातृभूमि जिसका नाम है

यह भी पढ़ें- दैनिक जागरण संवादी में अभिनेता पीयूष मिश्रा, बोले- सच बोलने से मत डरिए और आपत्ति करना मत छोड़िए

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।