लखनऊ: गोमतीनगर में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, मैनेजर समेत दो गिरफ्तार
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित बैग्लो कैफे बी में बिना अनुमति चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने कैफे मैनेजर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया और मालिक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
गोमतीनगर के बैग्लो कैफे बी में अवैध हुक्का बार पर छापा
पुलिस ने कैफे मैनेजर और एक अन्य को मौके से गिरफ्तार किया
छापेमारी में पांच हुक्का सेट और दो चिलम बरामद हुईं
जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोमतीनगर में शहीद पथ किनारे विनयखंड स्थित बैग्लो कैफे बी में बिना अनुमति हुक्का बार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर कैफे मैनेजर समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से पांच हुक्का सेट और दो चिलम बरामद की गईं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कैफे मालिक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
गोमतीनगर थाने के उपनिरीक्षक मृत्युंजयनाथ शर्मा गुरुवार रात गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें कैफे में हुक्का बार चलने की सूचना मिली।
पुलिस को देखकर भागने लगे युवक
पुलिस टीम ने कैफे के दूसरे तल पर छापा मारा तो पांच टेबल पर हुक्का सेट और दो चिलम रखी मिलीं। वहां मौजूद दो युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दिल्ली निवासी सुधीर वसुमाता और सीतापुर के मानपुर निवासी प्रशांत वाजपेयी के रूप में हुई है। सुधीर ने खुद को कैफे मैनेजर बताया, जबकि प्रशांत हुक्का परोसने का काम करता था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि कैफे मालिक ऋषि विश्वकर्मा के संचालन में ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा था। आरोप है कि तंबाकू के अलग-अलग फ्लेवर बिना लाइसेंस परोसे जा रहे थे।
पुलिस को लाइसेंस नहीं दिखा सके संचालक
पुलिस के मुताबिक, आरोपित हुक्का बार संचालन का लाइसेंस नहीं दिखा सके। कैफे के प्रवेश द्वार पर धूम्रपान से स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान और 18 वर्ष से कम उम्र के लोगों के प्रवेश निषेध संबंधी चेतावनी बोर्ड भी नहीं था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और कैफे मालिक की तलाश कर रही है।