बढ़ सकती हैं श्रद्धा दुबे की मुश्किलें, शिवा शर्मा की मौत में मॉडल की कहानी में झोल, सीन क्रिएशन ने बदली दिशा!
रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपित श्रद्धा दुबे की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सीन रिक्रिएशन में ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
सीन रिक्रिएशन में श्रद्धा की कहानी से तथ्य नहीं मिले।
हत्या की स्थिति में पुतले का गिरना पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मेल खाता।
आत्महत्या या फिसलने पर पुतला घटनास्थल से दूर गिरा।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। रेस्टोरेंट कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपित श्रद्धा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हजरतगंज स्थित उसके फ्लैट में शुक्रवार को हुए सीन रिक्रिएशन के दौरान फारेंसिक टीम को कई ऐसे तथ्य मिले हैं, जो श्रद्धा की बताई कहानी से मेल नहीं खाते। खास बात यह है कि हत्या की स्थिति में पुतले को फेंकने पर उसके गिरने का पैटर्न और स्थान शिवा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दर्ज चोटों से काफी हद तक मेल खाता मिला।
वहीं, आत्महत्या और फिसलकर गिरने की स्थिति में पुतला उस स्थान के आसपास नहीं पहुंचा, जहां शिवा का शव मिला था। फारेंसिक टीम की रिपोर्ट विवेचना में शामिल होने के बाद मामले की दिशा बदल सकती है।
सीन रिक्रिएशन में हत्या की स्थिति में गिरने का पैटर्न पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिला
दरअसल, पुलिस ने घटना की वास्तविक परिस्थितियों को समझने के लिए तीन अलग-अलग परिस्थितियों में सीन रिक्रिएशन कराया था। इसमें आत्महत्या, फिसलकर गिरने और धक्का देकर नीचे गिराए जाने की स्थिति को परखा गया। इसके लिए पुतले का इस्तेमाल किया गया। तीनों स्थितियों में पुतले के गिरने की दूरी, दिशा और जमीन से टकराने के प्रभाव का परीक्षण किया गया।
आत्महत्या और फिसलने की स्थिति में घटनास्थल से दूर गिरा पुतला
सूत्रों के मुताबिक, शिवा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करीब 90 प्रतिशत चोटें शरीर के पिछले हिस्से पर दर्ज हैं। हत्या की स्थिति में पुतले को फेंकने पर जिस तरह का इम्पैक्ट सामने आया, वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से लगभग मेल खाता है। पुतला भी उसी स्थान के आसपास गिरा, जहां शिवा का शव मिला था। इसके उलट आत्महत्या और फिसलने की स्थिति में पुतला घटनास्थल से अलग स्थान पर गिरा।
माइग्रेन की समस्या से भी जोड़कर होगी जांच
शिवा को माइग्रेन की समस्या थी। सिर पर चोट लगने पर वह विचलित हो जाता था। पुलिस इस तथ्य को भी घटनाक्रम से जोड़कर देख रही है। फारेंसिक टीम सीन रिक्रिएशन के निष्कर्षों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा जांच, शरीर पर मिले अंदरूनी और बाहरी चोटों तथा आरोपितों और चश्मदीदों के बयानों से मिलान करेगी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम से जल्द रिपोर्ट मांगी है, ताकि उसे विवेचना का हिस्सा बनाया जा सके। रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट करने में मदद मिलेगी कि शिवा की मौत हादसा थी, आत्महत्या या फिर उसे नीचे फेंका गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।