शिवा शर्मा की मौत के 35 दिन बाद सीन रिक्रिएशन, पुलिस पुतले से परख रही हत्या और आत्महत्या की थ्योरी
Shiva Sharma Murder Case: पहली बार पुतले को धक्का देकर गिराया गया, जबकि दूसरी बार आत्महत्या की स्थिति मानकर फेंका गया।

टीम ने पहले शिवा के वजन का पुतला तैयार कराया और उसे श्रद्धा दुबे के फ्लैट से दो बार नीचे फेंका।
HighLights
श्रद्धा के फ्लैट से फारेंसिक टीम ने दो बार फेंका गया शिवा के वजन का पुतला
धक्का देने पर उसी जगह गिरा जहां मिला था शव, सात दिन में आएगी रिपोर्ट
जागरण संवाददाता, लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हत्या थी या आत्महत्या, इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए पुलिस ने घटना के 35 दिन बाद एक बार फिर उस मंजर को दोहराया। इस बार न कोई चश्मदीद था और न ही कोई आरोपित, बल्कि शिवा के वजन का एक पुतला था।
फारेंसिक और मेडिको लीगल टीम ने शिवा शर्मा की लिव इन पार्टनर श्रद्धा दुबे के फ्लैट से पुतले को दो अलग-अलग परिस्थितियों में नीचे फेंककर यह समझने की कोशिश की कि शिवा को धक्का दिया गया था या उन्होंने खुद छलांग लगाई थी। करीब तीन घंटे तक चले सीन रिक्रिएशन में दोनों संभावनाओं को परखा गया।
शुक्रवार को दोपहर करीब 2.30 बजे फारेंसिक और मेडिकोलीगल टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने पहले शिवा के वजन का पुतला तैयार कराया और उसे श्रद्धा के फ्लैट से दो बार नीचे फेंका। पहली बार पुतले को धक्का देकर गिराया गया, जबकि दूसरी बार आत्महत्या की स्थिति मानकर फेंका गया।
अपार्टमेंट के फ्लैट और बालकनी में सीन रीक्रिएशन किया गया। जिसमें पुतले को तीन तरीकों से गिराकर परीक्षण किया गया। पुलिस हत्या, आत्महत्या या हादसा तीनों एंगल पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर शिवा शर्मा की मौत के मामले की जांच को दिशा मिलेगी। इस प्रकरण में शिवा शर्मा की लिव इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर जेल में बंद हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धक्का देने की स्थिति में पुतला ठीक उसी स्थान पर गिरा, जहां घटना के बाद शिवा का शव मिला था। आत्महत्या की संभावना के आधार पर पुतला फेंकने पर वह शव मिलने के स्थान से कुछ दूरी पहले ही गिर गया। इस अंतर को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस किसी एक संभावना को अंतिम निष्कर्ष नहीं मान रही है।
फारेंसिक टीम ने घटनास्थल की परिस्थितियों, गिरने की दिशा और अन्य तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया। अब टीम की रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस उपायुक्त मध्य अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, सात दिन में रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है। इसके आधार पर विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों को शामिल किया जाएगा, ताकि न्यायालय में जांच पर सवाल न उठ सकें।
इस सीन रिक्रिएशन के दौरान एसीपी हजरतगंज अभिषेक कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर हजरतगंज शिवानंद मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। टीम की गतिविधियां देखने के लिए आसपास के लोग अपने फ्लैटों की खिड़कियों पर आ गए। कुछ लोगों ने घटनाक्रम की तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर भी साझा कीं। पूरे घटनाक्रम के दौरान शिवा की मां रंजना मौके पर नजर नहीं आईं।
अब तक की जांच में क्या हुआ
शिवा की मौत के बाद उनकी मां रंजना की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। विवेचना में श्रद्धा, रश्मि, दानिश और तनवीर समेत अन्य लोगों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में दबिश दी। मामले में श्रद्धा को नागपुर से गिरफ्तार किया गया था। मुख्य आरोपितों में शामिल आमिर की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई जारी रही।
तत्कालीन इंस्पेक्टर विक्रम को मामले में लापरवाही के चलते लाइन हाजिर किया गया था। पुलिस ने पहले घोषित 25 हजार रुपये के इनाम को बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया था। अब सीन रिक्रिएशन के जरिए पुलिस घटनाक्रम की वैज्ञानिक पुष्टि करना चाहती है।
क्या था पूरा मामला
नौ अक्टूबर को प्रागनारायण रोड पर अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। घटना के बाद मां रंजना ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या बताते हुए श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, चालक दानिश उर्फ तनवीर और अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका आरोप था कि शिवा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और इसी के चलते उन्हें चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया।
घटना के समय फ्लैट में शिवा, श्रद्धा, रश्मि और एक नौकरानी मौजूद थी। पूछताछ में श्रद्धा व रश्मि ने खुद को अलग कमरों में होने की बात कही थी, जबकि नौकरानी के बयान में तीनों के शिवा के कमरे में होने की बात सामने आई थी। यही विरोधाभास पुलिस की जांच का अहम बिंदु बना। आरोपितों की तरफ से शिवा की मौत को आत्महत्या बताया गया था। इस पर दोनों पक्षों के दावों की पड़ताल के लिए पुलिस ने साक्ष्य जुटाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।