विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूफिलेक्स-2022: डाक व‍िभाग के व‍िशेष कैंप में बनवा सकेंगे अपने प्रियजनों का डाक ट‍िकट, बस करना होगा यह काम

By Vrinda SrivastavaEdited By:
Published: Wed, 21 Sep 2022 06:43 PM (IST)

डाक टिकट पर अपनी फोटो देखना चाहते हैं ताे आपके पास है सुनहरा मौका है। डाक विभाग लखनऊ में 15 ...और पढ़ें

डाक विभाग लखनऊ में 15 अक्टूबर से राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी 'यूफिलेक्स–2022' का आयोजन करने जा रहा है।
डाक विभाग लखनऊ में 15 अक्टूबर से राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी 'यूफिलेक्स–2022' का आयोजन करने जा रहा है।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। आठ साल बाद डाक विभाग की राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी 15 से 17 अक्टूबर तक ललित कला अकादमी में आयोजित की जाएगी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल की ओर से 12वीं राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी 'यूफिलेक्स–2022' की विशेष बुकलेट को बुधवार को चीफ पोस्टमास्टर जनरल कौशलेंद्र कुमार सिन्हा ने जारी किया।

इस प्रदर्शनी में प्रदेश भर से डाक टिकट संग्रह करने के शौकीन प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि भारत एवं विश्व के विभिन्न अनूठे व मूल्यवान डाक टिकटों का प्रदर्शन इस प्रदर्शनी में किया जाएगा। पिछली राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी आठ वर्ष पूर्व वर्ष 2014 में आयोजित की गयी थी।

विशेष बुकलेट जारी करते हुए चीफ पोस्टमास्टर जनरल कौशलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि डाक टिकट किसी भी देश के सांस्कृतिक एवं सामाजिक जीवन की वास्तविक झांकी प्रस्तुत करते हैं। 'यूफिलेक्स–2022' में आजादी के अमृत काल में डाक टिकटों के माध्यम से भारत की समृद्धि, संस्कृति एवं विरासत में उत्तर प्रदेश के योगदान को भी प्रदर्शित किया जायेगा।

प्रदर्शनी के तीनों दिन उत्तर प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों, स्मारकों, विरासतों, साहित्य, कला, संस्कृति पर विशेष आवरण और विरूपण भी जारी किया जाएगा। प्रदर्शनी में युवाओं और स्कूली बच्चों के अंदर एक अभिरुचि के रूप में फिलेटली को विकसित करने के लिए फिलेटलिक वर्कशाप, पेंटिंग, क्विज और अन्य गतिविधियों का आयोजन होगा।

इसी के साथ डाक टिकटों पर अपनी और अपने प्रियजनों की फोटो छपवाने की सुविधा के लिए 'माई स्टैंप' का विशेष काउंटर भी लगेगा। चीफ पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि 'यूफिलेक्स–2022' के आयोजन के लिए कई कमेटियां गठित की गई हैं।

डाक टिकट पर फोटो छपवाने की यह है प्रक्रिया : पोस्टमास्टर जनरल वाराणसी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इसके लिए आपको अपना एक पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। साथ ही आपको काउंटर पर जाकर एक फार्म भरकर जमा करना होगा। फिर एक फोटो और 300 रुपये देने होंगे। इसके बाद डाक विभाग मिनटों में आपको 12 डाक टिकटों पर आपकी तस्वीर लगाकर देगा। 

चीफ पोस्टमास्टर जनरल जहां आयोजन समिति के अध्यक्ष होंगे, वहीं पोस्टमास्टर जनरल कानपुर कर्नल एसएफएच रिजवी स्टीयरिंग और ज्यूरी/अवार्ड कमेटी, महाप्रबंधक (वित्त) राजेंद्र प्रसाद ट्रेड और वालंटियर कमेटी, पोस्टमास्टर जनरल वाराणसी कृष्ण कुमार यादव पब्लिकेशन, पब्लिसिटी व डिजाइनिंग कमेटी, पोस्टमास्टर जनरल आगरा राजीव उमराव यूथ प्रोग्राम और एलाटमेंट, प्रदर्शनी, तकनीकी व सुरक्षा कमेटी, पोस्टमास्टर जनरल लखनऊ विवेक कुमार दक्ष रिसेप्शन, हास्पिटलिटी, सेरेमोनियल व प्रोग्राम कमेटी के अध्यक्ष होंगे।