विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Pahalgam Attack: मायावती-अखिलेश समेत विपक्ष ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा, क्या बोले सीएम योगी?

Published: Tue, 22 Apr 2025 10:34 PM (IST)

Pahalgam Terror Attack जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की मायावती और अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं ने ...और पढ़ें

ब्यूरो : मायावती, अखिलेश सहित भाजपा और विपक्ष ने की आतंकी हमले की निंदा
ब्यूरो : मायावती, अखिलेश सहित भाजपा और विपक्ष ने की आतंकी हमले की निंदा

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा भाजपा सहित विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने की है। इस घटना पर दुख जताते हुए विपक्ष ने सरकार से सख्त कार्रवाई करने की मांग भी उठायी है।

आतंकी हमला कायरतापूर्ण, अक्षम्य व घोर निंदनीय: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को कायरतापूर्ण व निदंनीय बताया है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा...जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला कायरतापूर्ण, अक्षम्य और घोर निंदनीय है। जिन लोगों ने इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को सद्गति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। 

मायावती ने पीड़ित परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना

बसपा सुप्रीमो मायावती ने इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के पर्यटक स्थल पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में अनेकों लोगों के मारे जाने व घायल होने की घटना अतिदुखद, निंदनीय व चिंतनीय है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। सरकार इस घटना को पूरी गंभीरता से लेकर सख्त कार्रवाई करे।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आतंकी हमले की भयावह तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं। ये हमला हर दृष्टिकोण से निंदनीय है। घायलों के शीघ्रातिशीघ्र उपचार के लिए देश की सबसे अच्छी चिकित्सा सेवाएं और सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं। सबके स्वास्थ्य लाभ और जीवन के लिए हृदय से कामना।

केंद्र सरकार को जम्मू-कश्मीर में प्राथमिकता पर सुरक्षा के वातावरण को सुनिश्चित करने की जरूरत है। तभी स्थानीय निवासियों और पर्यटकों का जीवन सुरक्षित रह सकता है।

भूपेंद्र चौधरी ने हमले को बताया कायरतापूर्ण

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला कायरतापूर्ण व अति निंदनीय है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को अतिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आतंकी हमले में पर्यटकों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की सूचना हृदयविदारक है। भाजपा सरकार का जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने का दावा पूर्ण रूप से खोखला है ।भाजपा के खोखले दावों ने फिर से मासूम जिंदगियों की जान ले ली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं।

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि कश्मीर घाटी में पर्यटकों पर यह आतंकी हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जाना चाहिए। कश्मीर घाटी की पहचान अमन व शांति की है। यह हमला कश्मीरियत के के खिलाफ है। केंद्र सरकार को इस आतंकी हमले की पूरी तरह नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए।