ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन का उत्तर प्रदेश की 40 सीटों पर होगा सीधा असर, बिगड़ सकता है सपा-बसपा का राजनीतिक समीकरण
एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी और असपा के चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन से उत्तर प्रदेश की राजनीति में नया मोड़ आया ...और पढ़ें
-1794486677782_m.webp)
ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से बिगड़ेगा सपा का समीकरण। फोटो- पीटीआई
HighLights
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन से यूपी की राजनीति में नया मोड़।
दलित-मुस्लिम वोटों का समीकरण सपा-बसपा के लिए चुनौती।
गठबंधन का असर 40 से अधिक विधानसभा सीटों पर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में कई नए मोड़ उभर रहे हैं। एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और असपा (आजाद समाज पार्टी) के प्रमुख चंद्रशेखर ने हाथ मिलाकर जातीय समीकरणों की चाल को दिलचस्प बना दिया है।
अगर यह गठबंधन दलित एवं मुस्लिम वोटों को अपने पक्ष में करने पर आंशिक रूप से भी कामयाब हुआ तो कई सीटों पर सपा-कांग्रेस गठबंधन एवं बसपा के समीकरण उलझेंगे। वहीं, वोटों में बंटवारे का लाभ भाजपा के खाते में जा सकता है। एआईएमआईएम और असपा प्रदेश की राजनीति में अब नए खिलाड़ी नहीं हैं।
लोकसभा चुनाव में नगीना सीट से जीते थे चंद्रशेखर
2024 लोकसभा चुनाव में चंद्रशेखर ने किसी दल से सहयोग लिए बिना जिस प्रकार बिजनौर की नगीना सीट पर बड़े अंंतर से जीत ली, उससे स्वीकार्यकता बढ़ी है। वहीं 2023 में महापौर के चुनाव में ओवैसी की पार्टी ने मेरठ में सपा के प्रत्याशी से ज्यादा वोट बटोरकर एवं गाजियाबाद व प्रयागराज में दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहकर राजनीतिक जानकारों को चौंका दिया था।
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर के बीच राजनीतिक रिश्ते लंबे समय से अच्छे हैं, लेकिन उन्हें हाथ मिलाने के लिए अनुकूल राजनीतिक परिस्थितियों की प्रतीक्षा थी। 2022 में अखिलेश और चंद्रशेखर के बीच अंतिम समय में समझौता नहीं हो सका, जिसकी टीस चंद्रशेखर के मन में अब तक बनी हुुई है।
चुनावी सफलता भले ही न मिली हो, लेकिन असपा एवं एआईएमआईएम कई राज्यों में अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ा चुके हैं। चंद्रशेखर की पश्चिम यूपी में बेहतर पकड़ है, जबकि पिछली बार गोरखपुर से चुनाव लड़कर पूर्वांचल समेत प्रदेशभर में पहचान बना चुके हैं। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड से लेकर दिल्ली तक अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ा चुके हैं।
विधान सभा चुनाव में AIMIM की जब्त हो गई थी जमानत
पढ़ी लिखी छवि के ओवैसी की आक्रामक भाषा शैली मुस्लिमों के एक वर्ग के बीच विशेष अहमियत रखती है। 2022 विधान सभा चुनाव में भले ही एआईएमआईएम की जमानत जब्त हो गई, लेकिन चर्चा बटोरने में सफल रहे। 2023 नगर निगम चुनाव में ओवैसी के 26 में से 11 उम्मीदवार पार्षद चुने गए, जबकि नौ दूसरे स्थान पर रहे।
वहीं, महापौर पद के प्रत्याशी मोहम्मद अनस ने 1.28 लाख वोट पाकर सपा के विधायक अतुल प्रधान की पत्नी एवं प्रत्याशी सीमा प्रधान व बसपा के हसमत हसन को पीछे छोड़कर हलचल मचा दिया।
200 सीटों पर दिखेगा गठबंधन का असर
विश्लेषकों का कहना है कि 40 से ज्यादा विधान सभा सीटों पर मुस्लिम-दलित वोटों का आंकड़ा 50 प्रतिशत से ज्यादा है, जबकि दो सौ सीटों पर इसका असर दिखेगा। हालांकि दलित वोटों के बीच आज भी बसपा की पकड़ सबसे ज्यादा है, जबकि मुस्लिम वोट सपा के साथ एकतरफा खड़ा होता रहा है।
लेकिन विधान सभा चुनाव में हार-जीत का अंतर कई बार तीन से पांच हजार वोटों के बीच हो जाता है, ऐसे में ओवैसी-चंद्रशेखर ने अगर स्थानीय पकड़ रखने वाले प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतार दिया कि कई सीटों पर जीत-हार का कांटा घूम सकता है। खासकर, पश्चिम उत्तर में सपा को साइकिल की रफ्तार बढ़ाने की रणनीति के लिए चुनौती खड़ी हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।