विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: लखनऊ के बर्लिंगटन चौराहा का नाम बदल गया, अब अशोक सिंघल के नाम से जाना जाएगा

By JagranEdited By: Vikas Mishra
Published: Mon, 26 Sep 2022 12:42 PM (IST)Updated: Mon, 26 Sep 2022 01:18 PM (IST)

लखनऊ का प्रसिद्ध बर्लिंगटन चौराहा अब अशोक सिंघल के नाम से जाना जाएगा। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की घोषणा ...और पढ़ें

मेयर संयुक्ता भाटिया ने अशोक सिंघल चौराहा के नाम का लोकार्पण किया
मेयर संयुक्ता भाटिया ने अशोक सिंघल चौराहा के नाम का लोकार्पण किया

लखनऊ, जागरण संवाददाता। अयोध्या के श्रीराम मंदिर आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले और विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्वर्गीय अशोक सिंघल की याद अब लखनऊ में बनी रहेगी। शहर के पुराने चौराहों में शामिल बर्लिंगटन चौराहे का नाम अब अशोक सिंघल के नाम से होगा। आज स्वर्गीय सिंघल की 96वीं जयंती भी है और इस अवसर पर उनके नाम से चौराहे का नामकरण किया गया है।

कुछ दिन पहले ही महापौर संयुक्ता भाटिया की अध्यक्षता वाली नगर निगम की कार्यकारिणी समिति ने अशोक सिंहल के नाम से चौराहे का नाम रखा था। सोमवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व मंत्री व विधायक आशुतोष टंडन और महापौर ने एक आयोजन में अशोक सिंघल के नाम की पट्टिका लगाकर नामकरण किया। इस अवसर पर श्रीराम जन्म भूमि न्यास मूर्ति क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय भी मौजूद थे। 

महापौर ने बताया कि बर्लिंगटन चौराहे का लंबे समय से अंग्रेजी काल की दासता का प्रतीक माना जाता रहा है। इस नाम से मुक्ति दिलाने की मांग कई संगठन पूर्व से करते आ रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अशोक सिंघल का इस चौराहे से पुराना नाता रहा था। विहिप से जुड़े रहे पुरुषोत्तम भार्गव के घर आना जाना था और भार्गव निवास में ही ठहरा करते थे। वह स्वर्गीय भार्गव के घनिष्ठ मित्र थे। इसलिए अंग्रेजी हुकुमत की दासता के प्रतीक बर्लिंग्टन चौराहे का नाम बदलकर अशोक सिंघल किए जाने से खुशी महसूस हो रही है। वैसे भी स्वर्गीय भार्गव के आवास से ही लखनऊ में श्रीराम मंदिर आंदोलन की रणनीति भी तय होती थी।

होटल के नाम से था चौराहाः बर्लिंगटन होटल के कारण ही इस चौराहे का नाम था लेकिन समय के साथ ही होटल का अस्तित्व ही खत्म हो गया और वहां कांपलेक्स खड़ा हो गया था, लेकिन चौराहे का नाम चलन में था।

आज भी होगा आयोजनः अशोक सिंघल की जयंती पर सोमवार को सीएमएस गोमती नगर विस्तार के सभागार में युगपुरुष अशोक सिंघल स्मरण एवं नमन समारोह का आयोजन किया गया है। यह समारोह शाम चार बजे से चालू होगा। इसमे श्रीराम जन्म भूमि न्यास मूर्ति क्षेत्र के महामंत्री चम्पत राय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डाक्टर कृष्ण गोपाल पूज्य स्वामी पर्मात्मानन्द सरस्वती, विहिप के दिनेश, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रमुख रूप से सम्बोधित करेंगे।। समारोह स्थल पर एक विशेष प्रदर्शनी भी लगेगी, जिसमे अशोक सिंघल के जीवन पर आधारित एक चलचित्र का भी प्रदर्शन किया जाएगा।