Luckow Municipal Elections: सात दिनाें में बने डेढ़ लाख नए वोटर, 18 को प्रकाशित होगी सूची
Voter List Revision Campaign एक नवंबर से सात नवंबर के बीच आपत्तियां दाखिल करने का था मौका। मतदाता सूची को लेकर हर वार्ड में थी शिकायतें। अधिकांश लोगों की शिकायतों को दूर करते हुए उन जगहों से मतदाताओं को जोड़ा गया है।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। निकाय चुनाव की मतदाता सूची को लेकर हंगामे के बीच बीते सात दिनों के दौरान अभियान में डेढ़ लाख नए वोटर जोड़े गए हैं। राजनीतिक पार्टियों से लेकर पार्षदी के संभावित दावेदार लगातार सूची को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं प्रशासन ने आपत्तियाें पर गौर करते हुए सात दिनों में अभियान चलाकर करीब डेढ़ लाख नए मतदाता जोड़े हैं ।
शिकायतों को दूर कर मतदाताओं को जोड़ा गया
31 अक्टूबर को मतदाता सूची के अनतिम प्रकाशन के बाद एक से सात नवंबर के बीच प्रशासन ने आपत्तियां और सुझाव मांगे थे। इस दौरान मतदेय स्थल पर नए वाेटर बनने के लिए आवेदन भी मांगे जा रहे थे। अपर जिलाधिकारी राजस्व और प्रभारी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि इन सात दिनों के दौरान करीब डेढ़ लाख नए वोटर जोड़े गए हैं। इनमें अधिकतर वह लोग हैं जिनके किसी वजह से नाम जुड़ना रह गया था। कई इलाकों और आवासीय समितियों से लगातार सूची को सही करने की मांग की जा रही थी। अधिकांश लोगों की शिकायतों को दूर करते हुए उन जगहों से मतदाताओं को जोड़ा गया है जहां पर बीएलओ की लापरवाही या किसी अन्य वजह से नाम रह गए थे।
सात दिन में कहां कितने नए वोटर
- जोन एक - 8287
- जोन दो - 3902
- जोन तीन-25096
- जोन चार - 19456
- जोन पांच - 9867
- जोन छह - 2504
- जोन सात - 23783
- जोन आठ -18125
नगर पंचायतों में बढ़े वोटर
- नगर पंचायत मलिहाबाद - 302
- बीकेटी-3936
- महोना - 122
- इटौंजा-275
- गोसाईगंज-132
- मोहनलालगंज-994
- नगराम-237
- अमेठी-271
- बंथरा -2134
- काकोरी-1150
भाजपा नेता ने की शिकायत
भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर के सदस्य कार्यसमिति अंशुमान सिंह ने शंकरपुरवा द्वितीय वार्ड में फर्जी मतदाता बढ़ाने की शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि 2017 के चुनाव में बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम जोड़े गए जो वार्ड से बाहर के थे। शिकायत के बावजूद सूची से वह नाम हटाए नहीं गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।