विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 दिसंबर से बदल जाएगा गाड़ी का बीमा खरीदने का तरीका, अब अपनी जरूरत के हिसाब से चुनें कवर

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:43 AM (IST)

भारतीय बीमा नियामक IRDAI 15 दिसंबर से मोटर बीमा का नया ढांचा लागू कर रहा है, जिसमें ग्राहक अपनी जरूरत ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. 15 दिसंबर से मोटर बीमा का नया ढांचा लागू होगा।

  2. ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार बीमा कवर चुन सकेंगे।

  3. कम प्रीमियम नहीं, कवर की समझ जरूरी होगी।

पुलक त्रिपाठी, लखनऊ। अब कार या बाइक का बीमा कराते समय सिर्फ काम्प्रिहेंसिव पालिसी लेने से काम नहीं चलेगा। आपको यह भी तय करना होगा कि दुर्घटना में किस तरह के नुकसान से सुरक्षा चाहिए। भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आइआरडीएआइ) 15 दिसंबर से निजी कार और दोपहिया वाहनों के मोटर बीमा का नया ढांचा लागू करने जा रहा है।

इसमें बीमा को चार अलग-अलग हिस्सों में बांटा जाएगा। हर कवर का प्रीमियम अलग दर्ज होगा और ग्राहक को आप्शन फार्म भरकर अपनी पसंद बतानी होगी। आनलाइन पालिसी लेने पर ओटीपी के जरिए सहमति देनी होगी।

इस बदलाव का सीधा असर वाहन मालिकों पर पड़ेगा। अब कम प्रीमियम देखकर पालिसी खरीदने के बजाय यह समझना जरूरी होगा कि कौन-सा कवर लेने से दुर्घटना के बाद किस तरह का नुकसान बीमा कंपनी से पूरा कराया जा सकेगा।

क्या बदलने जा रहा है 15 दिसंबर से?
अभी ज्यादातर वाहन मालिक थर्ड पार्टी या काम्प्रिहेंसिव बीमा के नाम से पालिसी खरीदते हैं। कई बार उन्हें यह स्पष्ट जानकारी नहीं होती कि पालिसी में यात्रियों, वाहन मालिक और खुद की गाड़ी के नुकसान की सुरक्षा शामिल है या नहीं। नई व्यवस्था में सभी कवर अलग-अलग दिखाई देंगे। ग्राहक को अपनी जरूरत के अनुसार वैकल्पिक कवर चुनने होंगे। इसमें बीमाधारी को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि वह किन-किन जोखिमों (जैसे खुद का कवर, यात्रियों का कवर, वाहन का नुकसान) को चुन रहा है या किन को छोड़ रहा है।

चार हिस्सों में समझिए नई बीमा व्यवस्था
1. थर्ड पार्टी कवर : दूसरे को नुकसान हुआ तो मिलेगी सुरक्षा
यह बीमा अनिवार्य है। यदि आपकी कार या बाइक से दुर्घटना में किसी दूसरे व्यक्ति की मृत्यु, चोट या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है तो उससे जुड़ी कानूनी देयता इस कवर के तहत आती है। बिना थर्ड पार्टी बीमा के सार्वजनिक स्थान पर वाहन चलाना कानूनी रूप से मान्य नहीं है।

2. यात्रियों और कर्मचारियों की कानूनी देयता : अतिरिक्त प्रीमियम देकर मिलेगा कवर
यह वैकल्पिक होगा। इसमें वाहन में सवार यात्रियों, पीछे बैठने वाले व्यक्ति और पालिसीधारक के कर्मचारियों के प्रति वाहन मालिक की कानूनी देयता का कवर मिलेगा। इसके लिए अलग प्रीमियम देना होगा। हालांकि वाहन मालिक, उसके माता-पिता, पति-पत्नी और बच्चों को इस कवर में शामिल नहीं किया गया है।

3. व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा : वाहन मालिक के लिए जरूरी, कुछ को मिलेगी छूट
पंजीकृत वाहन मालिक के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना कवर अनिवार्य होगा। वाहन में सवार अन्य लोगों के लिए इसे वैकल्पिक रखा गया है। यदि वाहन किसी कंपनी या फर्म के नाम पर पंजीकृत है तो मालिक के लिए यह अनिवार्य कवर लागू नहीं होगा। पहले से व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा रखने वाले वाहन मालिक को निर्धारित शर्तों के अनुसार इससे बाहर रहने का विकल्प मिलेगा। एक से अधिक वाहन होने पर यह कवर केवल एक वाहन पर मिलेगा।

4.खुद की गाड़ी का नुकसान : अपनी गाड़ी की सुरक्षा के लिए अलग प्रीमियम
यह भी वैकल्पिक कवर होगा। दुर्घटना में अपनी कार या बाइक को हुए नुकसान की भरपाई के लिए इसे लेना होगा। इसका प्रीमियम थर्ड पार्टी और दूसरे कवर से अलग दिखेगा। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार इसे चुन सकेंगे।

driver

ग्राहक को अब क्या करना होगा?

  • बीमा खरीदते समय आनलाइन या आफलाइन आप्शन फार्म भरना होगा। कस्टमर आप्शन फार्म इस प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है
  • प्रत्येक कवर के सामने अपनी पसंद दर्ज करनी होगी।
  • आनलाइन पालिसी लेने पर ओटीपी के माध्यम से सहमति देनी होगी।
  • बीमा कंपनी को पॉलिसी के साथ ग्राहक सूचना पत्रक देना होगा।
  • आप्शन फार्म पालिसी का हिस्सा माना जाएगा। इसलिए ग्राहक को उसकी एक प्रति सुरक्षित रखनी चाहिए।
  • बीमा सुगम प्लेटफार्म पर भी नई पालिसियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी।


क्या पुरानी पालिसी में भी जुड़वा सकते हैं नया कवर?
हां। जिन वाहन मालिकों के पास पहले से थर्ड पार्टी बीमा है, वे पालिसी की अवधि के दौरान अतिरिक्त प्रीमियम देकर दूसरा कवर यानी यात्रियों और कर्मचारियों की कानूनी देयता का कवर जुड़वा सकेंगे। इसके लिए उसी बीमा कंपनी से संपर्क करना होगा, जिसने मौजूदा पालिसी जारी की है। अतिरिक्त कवर जोखिम पृष्ठांकन में दर्ज तारीख और समय से प्रभावी होगा। इसके लिए पुरानी पालिसी रद कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

दुर्घटना होने पर क्लेम कैसे प्रभावित होगा?
नई व्यवस्था में क्लेम के समय बीमा कंपनी यह देखेगी कि दुर्घटना में किस तरह का नुकसान हुआ और वाहन मालिक ने संबंधित कवर लिया था या नहीं। उदाहरण के लिए, यदि कार में बैठे यात्री को चोट लगती है तो केवल थर्ड पार्टी या अपनी गाड़ी के नुकसान वाला कवर होने से यात्री का दावा स्वत: स्वीकार नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, लखनऊ से लेकर मेरठ तक का जानें क्या है हाल


वाहन मालिक इन पांच बातों का रखें ध्यान

  • सिर्फ कम प्रीमियम देखकर बीमा पॉलिसी न खरीदें।
  • थर्ड पार्टी और खुद की गाड़ी के नुकसान वाले कवर में अंतर समझें।
  • परिवार के सदस्यों और अन्य यात्रियों के लिए मिलने वाली सुरक्षा की शर्तें जरूर पढ़ें।
  • पहले से व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा है तो नए कवर से छूट की पात्रता जांचें।
  • आप्शन फार्म, प्रीमियम की रसीद और पॉलिसी की प्रति सुरक्षित रखें।

यह भी पढ़ें- लखनऊ के लोहिया संस्थान में लगेगी AI आधारित 3-टेस्ला MRI मशीन, वेटिंग लिस्ट होगी कम

भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण पॉलिसीधारकों के हितों से जुड़े तमाम ग्रे एरिया को समाप्त कर रहा है। उन्होंने कहा, “भारत सरकार के ‘इंश्योरेंस फॉर ऑल 2047’ के संकल्प को देखते हुए भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण बीमा उद्योग को स्पष्टता और सुगमता देने में जोर-शोर से जुटा है। ये प्रावधान उसी की कड़ी हैं।

-

-निदेशक, विपिन कुमार शुक्ला, इंडियन इंस्टीट्यूट आफ इंश्योरेंस सर्वेयर्स एंड लास असेसर्स (इस्ला)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।