विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ के लोहिया संस्थान में लगेगी AI आधारित 3-टेस्ला MRI मशीन, वेटिंग लिस्ट होगी कम

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:45 AM (GMT+05:30)

लखनऊ के लोहिया संस्थान में दिसंबर से 30 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक AI आधारित थ्री टेस्ला एमआरआई मशीन लगेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. दिसंबर में लगेगी 30 करोड़ की AI एमआरआई मशीन।

  2. जांच का समय 40-50% तक होगा कम।

  3. मरीजों की लंबी प्रतीक्षा सूची होगी समाप्त।

विकास मिश्र, लखनऊ। लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में एमआरआई जांच के लिए मरीजों को अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। संस्थान में अगले माह यानी दिसंबर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित अत्याधुनिक थ्री टेस्ला एमआरआई मशीन लगाई जाएगी। इसकी तीव्र गति के कारण स्कैन का समय 40% से 50% तक कम हो जाता है, जिससे मरीजों को मशीन के अंदर कम समय बिताना पड़ता है।

करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से आने वाली एडवांस मशीन की शासन से मंजूरी मिलने के बाद खरीदारी प्रक्रिया आखिरी दौर में है। इसके शुरू लगने से एमआरआइ जांच की प्रतीक्षा सूची काफी कम होगी। साथ ही गंभीर मरीजों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल जांच हो सकेगी।

संस्थान में प्रतिदिन 5000-5500 मरीज विभिन्न विभागों की ओपीडी में आते हैं। न्यूरोलाजी, न्यूरोसर्जरी, कैंसर, हड्डी रोग और पीएमआर जैसे विभागों में इलाज करा रहे मरीजों को बीमारी की सटीक पहचान के लिए एमआरआई जांच की सलाह दी जाती है।

मरीजों की संख्या अधिक होने और सीमित सुविधा के कारण कई बार उन्हें जांच के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। खासकर गंभीर मरीजों के लिए समय पर जांच रिपोर्ट मिलना बेहद जरूरी होता है। दरअसल, मरीजों की तत्काल जांच हो सके, इसके लिए संस्थान ने तीन निजी डायग्नोस्टिक सेंटर से भी अनुबंध किया है, लेकिन इनमें कई मरीज अनुबंधित निजी सेंटर की जगह संस्थान में ही जांच कराना चाहते हैं।

तीन साल में सभी विभागों की ओपीडी में लगभग 40 प्रतिशत रोगी बढ़े

नई मशीन में एआई तकनीक का इस्तेमाल होने से जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी और तेज होने की उम्मीद है। यह तकनीक इमेज की गुणवत्ता बेहतर करने, स्कैनिंग के समय को कम करने और शरीर के अंदरूनी अंगों की बारीक संरचनाओं को स्पष्ट रूप से देखने में मदद करती है। इससे डाक्टरों को बीमारी की पहचान और इलाज की दिशा तय करने में सहूलियत मिलेगी।

निदेशक प्रो. सीएम सिंह के अनुसार, थ्री टेस्ला एमआरआई मशीन सामान्य की तुलना में अधिक शक्तिशाली चुंबकीय क्षेत्र के जरिए शरीर के अंगों की विस्तृत तस्वीरें तैयार करती है। इससे मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, नसों, मांसपेशियों और अन्य मुलायम अंगों से जुड़ी बीमारियों की पहचान में काफी मदद मिलती है।

पिछले तीन साल में सभी विभागों की ओपीडी में लगभग 40 प्रतिशत रोगी बढ़े हैं। वर्ष 2023 तक संस्थान में रोजाना 3000-3500 मरीज आते थे। प्रतिदिन ओपीडी में आने वाले कुल मरीजों में करीब 10 प्रतिशत को एमआरआई जांच की सलाह दी जाती है। तीन नई मशीन स्थापित होने के बाद भी तीनों निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर ओपीडी मरीजों की जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में NSG और UP पुलिस करेगी संयुक्त ट्रेनिंग, आतंकी हमलों-बंधक संकट से निपटने के सीखेंगे गुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।