Tiranga Yatra: नगर निगम के पहल से तिरंगा मय हुआ पूूरा लखनऊ, नगर विकास मंत्री ने रैली का किया शुभारंभ
1090 चौराहा तिरंगा मय नजर आ रहा था। हर किसी के हाथ में तिरंगा था। तिरंगा यात्रा में हाथ में झंडा लेकर आगे-आगे नगर विकास मंत्री एके शर्मा और मुख्य सचिव डीएस मिश्र चल रहे थे। टी-शर्ट भी अलग-अलग रंगों की थी जिसमें तिरंगा कलर नजर आ रहा था।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। गोमतीनगर के लोहिया पथ पर 1090 चौराहा तिरंगा मय नजर आ रहा था। हर किसी के हाथ में तिरंगा था। तिरंगा यात्रा में हाथ में झंडा लेकर आगे-आगे नगर विकास मंत्री एके शर्मा और मुख्य सचिव डीएस मिश्र चल रहे थे। टी-शर्ट भी अलग-अलग रंगों की थी, जिसमें तिरंगा कलर नजर आ रहा था। तिरंगा यात्रा में कोई तेज चाल में चल रहा था तो कोई दौड़ रहा था। नगर निगम की तरफ से आयोजित तिरंगा यात्रा में हर किसी ने करीब ढाई किलोमीटर का सफर तय किया।
आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित अमृत महोत्सव को लेकर यह आयोजन किया गया था। नगर विकास मंत्री एके शर्मा तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाने के साथ उसमें शामिल भी हुए। महापौर संयुक्ता भाटिया, मुख्य सचिव डीएस मिश्रा, कमिश्नर डा. रोशन जैकब, जिलाधिकारी डा. सूर्यपाल गंगवार, लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डा. इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
तिरंगा रंग की टी-शर्ट पहने लोग जब आगे बढ़े तो नजारा देखने वाला था। 1090 चौराहे से यह यात्रा शुरू हुई और डा. भीमराव आंबेडकर सामजिक परिवर्तन स्थल से होते हुए समता मूलक चौराहे और गोमती पुल होते हुए 1090 चौराहे पर आकर खत्म हो गई, जहां पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने पर पटरी दुकानदारों समेत 75 नगर निगम कर्मचारियों और जिला प्रशासन के 60 कर्मचारियों को सम्मानित करने के साथ ही प्रशस्ति पत्र भी दिया गया।
उधर, नगर निगम ने शहर के प्रमुख चौराहों के साथ ही जगह-जगह तिरंगा से सजावट की है। नगर निगम मुख्यालय के साथ ही चौराहों को भी तिरंगा लाइटों से सजाया गया है। इसके अलावा लखनऊ विकास प्राधिकरण के साथ ही लोक निर्माण विभाग की तरफ से भी अपने-अपने चौराहों को सजाया गया है। पंद्रह अगस्त को विधानभवन के सामने होने वाले मुख्य आयोजन की तैयारियां चल रही हैं और वहां पर पांडाल भी बनाया गया है।


कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।