लखनऊ में चार दिसंबर को क्रिकेटर रिंकू सिंह व सपा सांसद प्रिया सरोज का विवाह, मेन्यू पूरी तरह शाकाहारी
Rinku and Priya Marriage: होटल रमाडा में वैवाहिक कार्यक्रम तीन दिसंबर से शुरु होंगे और दोनों परिवार दो दिसंबर से ही लखनऊ आ जाएंगे। इसी होटल में मेहंदी, पूजा और शादी से जुड़ी सभी पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी।

क्रिकेटर रिंकू सिंह समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज
HighLights
होटल रमाडा में होने वाले वैवाहिक समारोह में शामिल होंगे दो हजार से अधिक लोग
पीएम नरेन्द्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ अखिलेश यादव व राहुल गांधी भी आमंत्रित
फिल्म स्टार शाहरुख खान और नामचीन क्रिकेटर्स को भी दिया गया निमंत्रण पत्र
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। कतर की राजधानी दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में बल्ले और गेंद से धमाल मचा रहे टीम इंडिया के क्रिकेटर रिंकू सिंह चार दिसंबर को लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे।
वैवाहिक कार्यक्रम तीन दिसंबर से शुरु होंगे और दोनों परिवार दो दिसंबर से ही लखनऊ आ जाएंगे। दोनों परिवार एक दिन पहले होटल रमाडा पहुंचंगे। इसी होटल में मेहंदी, पूजा और शादी से जुड़ी सभी पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी।
होटल रमाडा में होने वाले भव्य वैवाहिक समारोह के लिए रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राहुल गांधी समेत कई बड़े नेताओं को न्योता भेजा गया है। इनके साथ ही फिल्म स्टार शाहरुख खान और क्रिकेटर सुरेश रैना, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, तिलक वर्मा, प्रवीण कुमार, आरपी सिंह और पीयूष चावला जैसे क्रिकेटर्स को भी आमंत्रित किया गया है।
वैवाहिक समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव, चिराग पासवान, किरन रिजीजू और कमलेश पासवान समेत करीब एक दर्जन केंद्रीय मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा लगभग 90 सांसदों और विधायकों को भी न्योता भेजा गया है। कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला के भी पहुंचने की संभावना है। माना जा रहा है कि वैवाहिक समारोह में दो हजार के अधिक मेहमान शामिल होंगे। इसमें मेन्यू पूरी तरह शाकाहारी रखा गया है।
प्रिया की खास बनारसी साड़ी और ज्वेलरी
सांसद प्रिया सरोज ने विवाह के लिए बनारसी साड़ी और दिल्ली से खास ज्वेलरी तैयार करवाई है। प्रिया सरोज ने अपनी शादी के लिए दिल्ली और लखनऊ से खास परिधान तैयार करवाए हैं। जिनमें बनारस की मशहूर बनारसी साड़ियां भी शामिल हैं। जयमाल के दौरान वह अपने क्षेत्र पिंडरा के लोकल मर्केंट की ज्वेलरी पहनेंगी। उन्होंने दिल्ली के पीसी ज्वेलर्स ओर बनारस के मोहममद जुबेर से भी गहनों की खरीदारी की है।
शाहरुख खान ने किया था शादी में आने का वादा
आईपीएल में रिंकू सिंह ने वर्ष 2023 में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से जब यश दयाल के एक ओवर की पांच गेंद पर लगातार पांच छक्के लगाकर केकेआर को जीत दिलाई थी तो रिंकू ने यह बात कही था कि शाहरुख खान ने उनसे वादा किया है कि वह उनकी शादी में आएंगे। खुद रिंकू ने इस बारे में बताया था कि शाहरुख ने उनसे कहा था कि उनके शादी में आकर नाचेंगे। देखना है कि क्या शाहरुख खान भारतीय क्रिकेटर और केकेआर के मेंबर रिंकू सिंह की शादी में आएंगे।
आठ जून 2025 को हुई थी सगाई
अलीगढ़ निवासी रिंकू सिंह और वारणसी निवासी जौनपुर के मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की सगाई आठ जून 2025 को लखनऊ में ही हुई थी। इसके बाद से दोनों की शादी को लेकर कई तारीखें सामने आईं, लेकिन रिंकू के पिता की तबीयत खराब होने के कारण शादी टालनी पड़ी। दोनों की सगाई के लगभग डेढ़ वर्ष बाद दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।