साथी की मौत के गम में 24 दिन तक भूखी रही थी हथिनी, लखनऊ चिड़ियाघर की दामिनी की संवेदनशील कहानी
लखनऊ चिड़ियाघर की हथिनी दामिनी ने अपनी साथी चंपाकली की मौत के गम में 24 दिन तक खाना नहीं खाया और अंततः उसकी भी मृत्यु हो गई।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
हथिनी दामिनी ने साथी चंपाकली की मौत पर खाना छोड़ा।
24 दिन तक भूखी रहकर दामिनी की भी मृत्यु हुई।
यह घटना वन्यजीवों के गहरे भावनात्मक लगाव को दर्शाती है।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। वन्यजीवों की दुनिया केवल जीवन और संघर्ष तक सीमित नहीं है, उनमें भावनाएं और आपसी लगाव भी इंसानों की तरह गहरे होते हैं। साथी बिछड़ने का दुःख उन्हें भी भीतर तक प्रभावित करता है। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान के (लखनऊ चिडि़याघर) 105वें स्थापना दिवस पर वन्यजीव चिकित्सक डॉ. अशोक कश्यप ने ऐसी ही एक घटना का जिक्र कर वन्यजीवों के भावनात्मक पक्ष को सामने रखा।
डॉ. अशोक कश्यप ने बताया कि वर्ष 1999 में चिड़ियाघर की हथिनी दामिनी की मौत के पीछे उसकी साथी हथिनी चंपाकली से बिछड़ने का दुख भी एक बड़ी वजह बना था। चंपाकली की मौत के बाद दामिनी ने खाना-पीना छोड़ दिया था। करीब 24 दिनों तक उसने भोजन नहीं किया और अंततः उसकी भी मृत्यु हो गई। यह घटना बताती है कि हाथियों में आपसी लगाव कितना गहरा होता है।
उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की देखभाल में केवल उनकी शारीरिक बीमारी का उपचार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके व्यवहार, मानसिक स्थिति और भावनात्मक जरूरतों को समझना भी जरूरी है। वन्यजीव भी संवेदनशील होते हैं और अपने समूह के सदस्यों से गहरा जुड़ाव रखते हैं।
रविवार को चिड़ियाघर के 105वें स्थापना दिवस पर बच्चों के साथ निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने केक काटा। इस दौरान बच्चों ने खेलकूद और वन्यजीवों को करीब से देखने का आनंद लिया।
कार्यक्रम में फाल्कन पक्षी को उसके प्राकृतिक व्यवहार के अनुकूल तैयार बाड़े में अवमुक्त किया गया। वन्यजीव विशेषज्ञों ने सांपों से बचाव, जहरीले और गैर जहरीले सांपों की पहचान तथा सर्पदंश की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
सांप घर में लगी पाठशाला
मद्रास क्रोकोडाइल बैंक ट्रस्ट के 50 वर्ष पूरे होने पर ट्रस्टी गणेश मुथैया के नेतृत्व में ‘सेव द रेप्टाइल्स’ अभियान के जरिए सरीसृपों के संरक्षण का संदेश दिया गया। लोगों को सांप या अन्य सरीसृप दिखाई देने पर उन्हें मारने के बजाय विशेषज्ञों की मदद लेने की अपील की गई। सुषुप्तावस्था में गए सांपों के बारे में दर्शकों को जानकारी दी गई।
निदेशक संजय कुमार बिश्वाल ने कहा कि 105 वर्षों से चिड़ियाघर वन्यजीव संरक्षण, शिक्षा और मनोरंजन के उद्देश्य को पूरा कर रहा है। शहर के बीच स्थित यह प्राणि उद्यान राजधानी के फेफड़ों के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में वन्यजीव प्रतिपालक केएन सुधीर, क्षेत्रीय वन अधिकारी मुकेश चंद्र कांडपाल, वन्यजीव चिकित्सक डॉ. बृजेंद्र मणि यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।