लखनऊ चिड़ियाघर भेजा गया फुटहा फॉर्म का तेंदुआ, घर में घुसकर बच्ची को बनाया था निशाना
लखीमपुर के फुटहा फार्म में बच्ची सिमरन का शिकार करने वाले तेंदुए को लखनऊ चिड़ियाघर भेजा गया है। घर में ...और पढ़ें

HighLights
बच्ची सिमरन का शिकार करने वाला तेंदुआ पकड़ा गया।
तेंदुए को लखनऊ चिड़ियाघर में आजीवन कैद मिली।
15 दिन तक चिड़ियाघर अस्पताल में निगरानी होगी।
संवादसूत्र, लखीमपुर। फुटहा फार्म में जोगा सिंह की सात वर्षीय बच्ची सिमरन का शिकार करने वाले तेंदुए को लखनऊ के चिड़ियाघर में रखे जाने की उम्रकैद मिली है। घर में घुसकर शिकार करने की तेंदुए की गलती ने उसे सलाखों में कैद कर दिया है।
पिंजरे में कैद इस तेंदुए को लखनऊ चिड़ियाघर के अस्पताल में रखा जाएगा। डीडी बफरजोन कीर्ति चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे डिवीजन को इन दिनों अलर्ट मोड पर रखा गया है। फुटहा फार्म के आसपास निगरानी और बढ़ाई जा रही है, ताकि दूसरे मादा तेंदुए की आशंका की भी पड़ताल की जा सके।
25 मार्च की रात फुटहा फार्म निवासी जोगा सिंह की बच्ची सिमरन परिवार वालों के साथ बैठी थी, तभी तेंदुआ घर में घुसकर उसे खींच ले गया था। इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया। सिख समाज और ग्रामीणों ने धरना देकर तेंदुए को पकड़ने की मांग उठाई।
तीन रेंजों की टीम गठित कर 10 कैमरों से करवाई निगरानी
डीडी बफरजोन कीर्ति चौधरी ने एसडीओ मनोज तिवारी की अगुवाई में तीन रेंजों की टीम गठित कर 10 कैमरों से निगरानी कराई। नतीजतन, 77 घंटे में तेंदुआ पिंजरे में कैद कर लिया गया। इस तेंदुए के पकड़े जाने पर ग्रामीणों ने वन विभाग का आभार जताया। करीब छह वर्ष के इस तेंदुए को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) ने लखनऊ चिड़ियाघर में रखने की सजा सुनाई है।
अधिकारियों का कहना है कि घर में घुसकर बच्ची के शिकार से यह स्पष्ट है कि तेंदुआ बार-बार इसी पैटर्न पर घटनाओं को अंजाम देता, इसलिए इसका बाहर घूमना इंसानों के लिए खतरनाक साबित होता। डीडी कीर्ति चौधरी का कहना है कि गन्ना कटने से वन्यजीव इधर-उधर भाग रहे हैं।
इस समय ग्रामीणों से मिलने वाली हर एक सूचना पर टीमों को भेजा जा रहा है। इधर लखनऊ चिड़ियाघर के डायरेक्टर संजय विस्वाल कहते हैं कि रेस्क्यू कर लाए गए तेंदुए को अस्पताल में रखा गया है। 15 दिन तक निगरानी के बाद ही उसे दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।
