UP Weather News: पूरब से पश्चिम तक अगले तीन दिन होगी हल्की से मध्यम बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
लखनऊ में गुरुवार सुबह बारिश से गर्मी से राहत मिली पर उमस बरकरार रही। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और 60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है। पश्चिमी जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट है जबकि अन्य जिलों में आंधी की चेतावनी जारी की गई है। लखनऊ सहित कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात की आशंका है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में गुरुवार सुबह करीब आठ बजे हवा के साथ बारिश से थोड़ी देर के लिए भीषण गर्मी से राहत जरूरी मिली, लेकिन 10 बजे के बाद धूप निकलते ही उमस से लोग बेहाल दिखे।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक पूरब से पश्चिम तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। बूंदाबांदी से पारे में मामूली गिरावट आएगी। एक जून से तपिश और लू की चेतावनी जारी की गई है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, नौतपा के दौरान बारिश से मानसून पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस बार सामान्य से अधिक वर्षा की संभावना बन रही है। गुरुवार को प्रदेश में पूरब से पश्चिम तक कहीं भी लू जैसी परिस्थितियां नहीं रहीं, लेकिन उमस भरी चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान हुए।
अन्य जिलों के मौसम की जानकारी के लिए यहां क्लिक करें...
अगले तीन दिन पश्चिम के जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मध्य यूपी और पूर्वांचल में इसकी ओलावृष्टि की स्थिति तो नहीं है, लेकिन 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलने के आसार बन रहे हैं। इसका असर लखनऊ और आसपास के जिलों में भी दिखेगा।
गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, रात में 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार को भी यही स्थिति बनी रहेगी। फिलहाल, लोगों को उमसभरी गर्मी राहत नहीं मिलने वाली है।
लखनऊ, सीतापुर, अयोध्या, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, गोंडा, सुल्तानपुर, लखीमपुर, बहराइच, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, बलिया, वाराणसी, चंदौली, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर समेत कई जिलों में तेज हवा के साथ वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।