UP Weather Today: मानसून के विदाई के दौर में बदला मिजाज, लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी
लखनऊ में मानसून के अंतिम चरण में मौसम का दिलचस्प मिजाज देखने को मिल रहा है, जहाँ शहर के कुछ ...और पढ़ें

गोरखपुर में बदला मौसम। संगम दूबे
HighLights
लखनऊ में मानसून के अंतिम दौर में बदलता मौसम।
गुरुवार शाम कुछ इलाकों में 30 मिनट तक हुई बारिश।
पूर्वी यूपी में वज्रपात और हल्की बारिश की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी में मानसून के आखिरी दौर में मौसम का ऐसा ही दिलचस्प मिजाज देखने को मिल रहा है, जहां पल-पल में स्थितियां बदल रही हैं। शहर के किसी हिस्से में अचानक तेज धूप निकल आती है, तो कुछ ही दूरी पर घने बादलों के साथ झमाझम बारिश होने लगती है।
प्रदेश में मानसून आखिर दौर में है। पिछले करीब एक सप्ताह से अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर थमने लगा है, लेकिन इसी बीच गुरुवार शाम करीब पांच बजे अचानक काले बादल छाए और 1090 चौराहे से चारबाग तक 30 मिनट तक झमाझम वर्षा हुई। हालांकि, गोमतीनगर, इंदिरानगर और वृंदावन समेत कई इलाकों में धूप निकली थी।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि अब मानसून गतिविधियों में काफी कमी आ गई है। मध्य एवं पश्चिमी यूपी में अगले पांच-छह दिनों तक आसमान साफ रहेगा। हालांकि, शुक्रवार को मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली और पीलीभीत समेत पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादलों की आवाजाही के बीच वज्रपात की चेतावनी है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ के अयोध्या-सुलतानपुर रोड पर बनेगा अंडरपास, वित्त मंत्रालय से मिली 240 करोड़ के बजट को मंजूरी
इस दौरान कुछ जिलों में हल्की बरसात भी हो सकती है, लेकिन भारी वर्षा की कोई चेतावनी नहीं है। इन जिलों में भी शनिवार से धूप निकलने के आसार हैं। लखनऊ में सुबह से धूप निकलने का असर दिखा और यहां का दिन का तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम साफ होने से कई जिलों में अधिकतम पारा सामान्य से अधिक पहुंच गया, जिससे उमसभरी गर्मी ने लोगों की परेशानी भी बढ़ाई।
