विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ के सिविल अस्पताल में शुरू हुईं नई सुविधाएं, अब प्राइवेट अस्पतालों के चक्कर काटने से मिलेगा छुटकारा

Published: Thu, 10 Sep 2026 11:48 PM (IST)

लखनऊ के श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में अब न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी की सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी सेवाएं शुरू हो गई हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. सिविल अस्पताल में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी ओपीडी शुरू।

  2. लोहिया संस्थान के सहयोग से सप्ताह में एक दिन विशेषज्ञ सेवा।

  3. उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्ट्रोक यूनिट, न्यूरोसर्जरी वार्ड का शुभारंभ किया।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में मरीजों को अब सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की पहल पर डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के सहयोग से अस्पताल में सप्ताह में एक-एक दिन न्यूरोलाजी, कार्डियोलाजी और नेफ्रोलाजी विभागों की विशेषज्ञ ओपीडी संचालित की जाएगी।

इससे राजधानी ही नहीं, आसपास के जिलों से आने वाले हजारों मरीजों को केजीएमयू, पीजीआइ या लोहिया जैसे बड़े चिकित्सा संस्थानों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। इसका लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

गुरुवार को उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल में न्यूरोलाजी, नेफ्रोलाजी और कार्डियोलाजी सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी के साथ स्ट्रोक यूनिट, न्यूरोसर्जरी वार्ड एवं आपरेशन थिएटर का शुभारंभ किया। इन सेवाओं से गंभीर एवं जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार मिल सकेगा।

एक ही जगह मिलेगी सुविधाएं

सिविल अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी शुरू होने के बाद न्यूरो, हृदय और किडनी से संबंधित गंभीर बीमारियों के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर मिल सकेगी।

अभी तक इन बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को लोहिया संस्थान, केजीएमयू या एसजीपीजीआइ रेफर किया जाता है, लेकिन इन संस्थानों में पहले से बहुत भीड़ है। नई व्यवस्था से इस दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। सिविल अस्पताल में सफल होने पर सरकार से अन्य अस्पतालों में भी शुरू कर सकती है।

सिविल अस्पताल में मरीजों को मिलेगा उच्चस्तरीय उपचार

सिविल अस्पताल और लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के बीच हुए समझौते के तहत लोहिया संस्थान के विशेषज्ञ चिकित्सक सिविल अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को परामर्श एवं उपचार प्रदान करेंगे। इससे मरीजों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध होंगी।

यह भी पढ़ें- लखनऊ से शुरू होगी गोवा समेत देश के इन शहरों के लिए विमान सेवा, टाइम टेबल में भी होगा बदलाव

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं की इस व्यवस्था का विस्तार प्रदेश के अन्य सरकारी अस्पतालों तक भी किया जाएगा। मेडिकल कालेजों और जिला अस्पतालों के बीच समझौते कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं जिला स्तर तक पहुंचाई जाएंगी।

सरकारी अस्पतालों में मिल रहा आधुनिक इलाज

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता लगातार बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निश्शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मरीज सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध विशेषज्ञ सेवाओं और आधुनिक उपचार सुविधाओं का लाभ उठाएं।

यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित कुमार घोष, सचिव रितु माहेश्वरी, स्वास्थ्य महानिदेशक डा. पवन कुमार अरुण, लोहिया संस्थान के निदेशक डा. सीएम सिंह, सिविल अस्पताल के निदेशक डा. जीपी गुप्ता, सीएमएस डा. देवेश चंद्र पांडेय, लोहिया संस्थान के सीएमएस डा. विक्रम सिंह, कार्डियोलाजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. भुवन चंद्र तिवारी मौजूद रहे।