लखनऊ में भैया दूज तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, छह से नौ नवंबर तक लागू रहेगा डायवर्जन
दीपावली और भैया दूज पर भीड़ को देखते हुए लखनऊ में 9 नवंबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

HighLights
दीपावली और भैया दूज के लिए यातायात में बदलाव।
लखनऊ में 9 नवंबर तक लागू रहेगा डायवर्जन।
हजरतगंज, अमीनाबाद, भूतनाथ बाजारों में बदले रास्ते।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। दीपावली और भैया दूज पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। डीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव ने बताया कि नौ नवंबर तक आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू रहेगा।
इस दौरान हजरतगंज, अमीनाबाद, भूतनाथ और पत्रकारपुरम समेत प्रमुख बाजारों के आसपास वाहनों का आवागमन बदले रास्तों से होगा। कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों के मुड़ने पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि कुछ मार्गों को नो-स्टाप जोन बनाया गया है। किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह रहेगी व्यवस्था
हैदरगंज और सआदतगंज की ओर से आने वाले थ्री व्हीलर, विक्रम और टेंपो नक्खास तिराहे से नादान महल रोड होकर यहियागंज, रकाबगंज पुल के रास्ते अमीनाबाद नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को नक्खास तिराहे से मेडिकल क्रास, मेडिकल कालेज चौराहा और शाहमीना तिराहे होकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
भूतनाथ और पत्रकारपुरम जाने के लिए बदले रास्ते
पालिटेक्निक चौराहे से भूतनाथ मार्केट जाने वाला सामान्य यातायात भूतनाथ तिराहे से दाएं नहीं मुड़ सकेगा। वाहन सीधे लेखराज मार्केट चौराहे से दाएं और नीलगिरी चौराहे से दाएं मुड़कर गंतव्य तक जा सकेंगे। इसी तरह कलेवा चौराहे से गार्डेन बेकरी तिराहे के रास्ते भूतनाथ मार्केट जाने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
इन्हें गार्डेन बेकरी के सामने से नीलगिरी चौराहे से बाएं और लेखराज मार्केट चौराहे से बाएं होकर जाना होगा। मनोज पांडेय चौराहे से बाएं पत्रकारपुरम की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहनों को दयाल पैराडाइज चौराहे से हुसड़िया चौराहे होकर जाना होगा।
वहीं, हुसड़िया चौराहे से पत्रकारपुरम चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को सीधे दयाल पैराडाइज चौराहे की ओर भेजा जाएगा। नीलकंठ मोड़ से आर्यन रेस्टोरेंट तक बाजार में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह आर्यन रेस्टोरेंट से नीलकंठ की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे।
हजरतगंज में कई रास्तों पर प्रतिबंध, पार्किंग में खड़े करें वाहन
चारबाग की ओर से आने वाले वाहन अटल चौक से बाएं मुड़कर मेफेयर तिराहा और अल्का तिराहे की ओर जा सकेंगे। हालांकि अटल चौक से डीएम आवास के बीच वाहन रोकने पर प्रतिबंध रहेगा। इस मार्ग को नो-स्टॉप जोन बनाया गया है।
लीला सिनेमा रोड से बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से बाएं मुड़कर अल्का तिराहा होते हुए हजरतगंज जाने पर रोक रहेगी। ऐसे वाहन बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से दाएं मुड़कर डनलप तिराहे से सहारा माल की ओर जा सकेंगे।
सप्रू मार्ग से डनलप तिराहे के रास्ते अल्का तिराहे जाने वाले वाहनों को भी अनुमति नहीं होगी। इन्हें डनलप तिराहे से बाएं बैंक ऑफ इंडिया होते हुए हजरतगंज अथवा दाएं सहारा मॉल और शाहजनफ रोड होकर जाना होगा।
सिकंदरबाग चौराहे से शाहजनफ रोड होते हुए सहारागंज मोड़ से बाएं डनलप तिराहे, बैंक ऑफ इंडिया और अल्का तिराहे की ओर यातायात नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहन सहारागंज मोड़ से सीधे चिरैयाझील होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। परिवर्तन चौक से हजरतगंज की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
वाहनों को केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहे से चिरैयाझील और सिकंदरबाग होकर जाना होगा। परिवर्तन चौक से हजरतगंज बाजार खरीदारी करने आने वाले वाहन चालक हिंदी संस्थान से बाएं मुड़कर सरोजनी नायडू पार्क की भूमिगत पार्किंग में वाहन खड़े करेंगे। लालबाग चौराहे से मेफेयर तिराहे की ओर आने वाले वाहन लालबाग से बाल्मीकि तिराहा (थाना हजरतगंज के सामने) होकर जाएंगे। बाल्मीकि तिराहे से बाएं मुड़कर केडी सिंह बाबू स्टेडियम के आगे तक जा सकेंगे।
पार्किंग के लिए यहां से करे प्रवेश
हजरतगंज बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग लीला सिनेमा रोड स्थित मल्टीस्टोरी पार्किंग के पिछले गेट से वाहन पार्क कर सकेंगे। पार्किंग के अगले गेट यानी मोतीमहल की ओर से पैदल निकलकर बाजार पहुंच सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।