यूपी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में 6,619 हेक्टेयर गन्ना फसल को लगा रोग, विभाग ने लिया ये त्वरित एक्शन
Lucknow News - UP News - लखनऊ में बाढ़ के कारण गन्ने की 6619 हेक्टेयर फसल रोगग्रस्त हो गई है। गन्ना विभाग फसल को बचाने के लिए ड्रोन से दवाओं का छिड़काव करा रहा है। अधिकारियों ने 2046 गांवों का दौरा कर रेड राट पोक्का बोइंग और टॉप बोरर रोग पाया। किसानों की सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया गया है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बाढ़ ने गन्ने की फसल को भी बड़ा नुकसान पहुंचाया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में गन्ने की फसल रोग का शिकार हो गई है। गन्ना विभाग द्वारा स्थिति के आकलन को अधिकारियों के माध्यम से जुटाई गई जानकारी में 6,619 हेक्टेयर फसल के रोग से प्रभावित होने की बात सामने आई है।
विभाग अब फसल को बचाने की कोशिश में जुटा गया है। इसके लिए ड्रोन से माध्यम से रोग प्रभावित फसल पर दवाओं का छिड़काव कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
बाढ़ के प्रभावित जिलों में गन्ने की फसल की स्थिति जानने के लिए पिछले सप्ताह अधिकारियों को गांव-गांव भ्रमण करने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों द्वारा अब तक 2,046 गांवों के भ्रमण कर आख्या दी गई हैं।
इनके हिसाब से गन्ने की 237 हेक्टेयर फसल पर रेड राट, 3,033 हेक्टेयर फसल पर पोक्का बोइंग और 3,349 हेक्टेयर फसल पर टाप बोरर रोग का प्रभाव मिला है। अपर मुख्य सचिव गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग वीना कुमारी ने अधिकारियों को प्रभावित गन्ना क्षेत्रों में जाकर किसानों को उचित सलाह देने, खेतों से जल निकासी की व्यवस्था कराने और रोग नियंत्रण के लिए ड्रोन के माध्यम से रासायनिक दवाओं का छिड़काव कराने के निर्देश दिए हैं।
गन्ना समितियाें एवं चीनी मिलों को ड्रोन उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गन्ना किसानों की सहायता के लिए विभागीय टोल-फ्री नंबर 18001213203 पर सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। किसान इस पर प्रभावित फसलों की जानकारी दे सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।