लखनऊ में दो थाना प्रभारी लाइन हाजिर, तिहरे हत्याकांड और जनशिकायतों से घिरे थानों को मिले नए इंस्पेक्टर
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में बुधवार देर रात सात निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया, जिसमें सआदतगंज और बीबीडी सहित ...और पढ़ें

HighLights
सात निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में देर रात हुआ फेरबदल।
सआदतगंज, बीबीडी समेत चार थानों को मिले नए प्रभारी।
तिहरे हत्याकांड, जनशिकायतों में लापरवाही पर हुई कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट में बुधवार देर रात सात निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया। सआदतगंज और बाबू बनारसी दास (बीबीडी) समेत चार थानों में नए प्रभारी निरीक्षक तैनात किए गए हैं। इन दोनों थानों के पूर्व प्रभारियों पर अलग-अलग मामलों में कार्रवाई हुई थी। वहीं, मोहनलालगंज और अमीनाबाद के प्रभारी निरीक्षकों को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक दुर्गविजय सिंह को सआदतगंज, इंद्रजीत सिंह को मोहनलालगंज और प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव को अमीनाबाद थाने की जिम्मेदारी दी गई है। महानगर थाने में अतिरिक्त निरीक्षक के पद पर तैनात राममूरत को बीबीडी का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, निरीक्षक दिनेश सिंह को साइबर थाने में तैनाती मिली है।
तिहरे हत्याकांड के बाद निलंबित हुए थे सआदतगंज प्रभारी
सआदतगंज के नौबस्ता में बरगद के चबूतरे के पास कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस की पूर्व कार्रवाई पर सवाल उठे थे। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्य को निलंबित कर दिया गया था। अब इस थाने की कमान दुर्गविजय सिंह को सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव ने PDA की दी नई परिभाषा, राकेश टिकैत से मुलाकात के बाद बोले- ‘ए’ का मतलब अन्नदाता भी
जनशिकायतों में लापरवाही पर हटाए गए थे बीबीडी प्रभारी
बीबीडी के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक राम सिंह 27 अक्टूबर को डीजीपी राजीव कृष्ण की प्रदेशव्यापी समीक्षा के बाद निलंबित किए गए थे। जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और शिकायतों में बढ़ोतरी के आधार पर प्रदेश के नौ जिलों के 10 थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की गई थी। इनमें लखनऊ का बीबीडी थाना भी शामिल था। अब यहां राममूरत को तैनात किया गया है। वहीं, मोहनलालगंज के प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह और अमीनाबाद के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार आजाद को पुलिस लाइन भेजा गया है।